थार ने मां-5 साल की बेटी को कुचला, मौत:काशी में 200 मीटर घसीटा, गुस्साए लोगों ने पथराव किया; रिंग सेरमनी से लौट रही थीं

वाराणसी में रविवार रात साढ़े 11 बजे थार सवारों ने बाइक सवार मां- मासूम बेटी और देवर को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि देवर गंभीर घायल हो गया। महिला मौसी की बेटी की रिंग सेरेमनी से लौट रही थी। हादसा शहर के मंडुवाडीह क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हुआ।

टक्कर के बाद मां, बेटी और देवर बाइक समेत थार के बोनट में फंस गए। तीनों चीखते रहे, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी, बल्कि रफ्तार बढ़ा दी। 200 मीटर तक तीनों को घसीट ले गया। इसी दौरान बाइक फंसने के कारण थार के पहिए जाम हो गए। इसके बाद आरोपी थार छोड़कर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने थार में फंसे घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। 15 मिनट के भीतर मां-बेटी की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने थार में तोड़फोड़ की और पथराव किया। हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दो घंटे बाद पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए।

मिर्जामुराद के बेनीपुर के रहने वाले मनोज राजभर सऊदी में जॉब करते हैं। उनकी पत्नी सोनी राजभर और बेटी आराध्या (5) गांव में रहती थीं। रविवार को सोनी की मौसी की बेटी की रिंग सेरेमनी थी। सोनी अपने देवर मनीष के साथ मोढैला गांव कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं।

समारोह के बाद तीनों बाइक से घर आ रहे थे। भुलनपुर के पास होटल प्राइम लैंड के सामने थार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। 15 मिनट बाद मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मां-बेटी की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला। लहूलुहान हालत में मनीष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मनीष के सिर और गर्दन पर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस जब मां-बेटी के शव ले जाने लगी तो लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बनाते हुए थार पर पथराव कर दिया। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने चार थानों की फोर्स बुलवाई। करीब दो घंटे तक हंगामा चला।

भाई बोला- पुलिस ने लाठीचार्ज किया

मनोज के भाई मोनू ने बताया कि हम लोगों को रात में सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हमारे हाथ में चोट लगी है। मनीष की 26 अप्रैल को शादी हुई थी।

एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि महिला और उसकी बेटी की हादसे के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वारदात के बाद सीसी फुटेज खंगाले हैं, हुलिया और कार नंबर के आधार पर थार सवारों की पहचान की जा रही है। सर्विलांस की टीम उनका लोकेशन खंगाल रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।