राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत मैदानी इलाकों के 9 राज्यों में आज भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र का विदर्भ-मराठवाड़ा और तेलंगाना भी आज यलो अलर्ट पर है। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में कई जिलों का तापमान 45°C का आंकड़ा पार कर जाएगा।
गर्मी का यह दौर पिछले एक हफ्ते से जारी है। रविवार को UP का बांदा 46.4°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। राजस्थान के बीकानेर-बाड़मेर में पारा 45°C और MP के खंडवा में 44.5°C रिकॉर्ड किया गया।
इधर, बिहार में कई जिलों में उमस भरी गर्मी है तो कुछ जगह बारिश हो रही है। शेखपुरा के कस्तूरबा स्कूल में गर्मी के कारण 27 छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। सभी को शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो केरलम, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है।
19 मई:
- उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भीषण लू चल सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर भी लू चलने की आशंका है।
- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी में कुछ जगहों पर 30-40kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
- झारखंड में कुछ जगहों पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की आशंका है।
20 मई:
- उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना और महाराष्ट्र में हीटवेव की आशंका है।
- आंध्र प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल, ओडिशा और तमिलनाडु में 40 से 50kmph की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।