डम्पिंग यार्ड में खुले में मृत गौवंश फेंकने पर बवाल:वीडियो सामने आने के बाद नगर परिषद सख्त, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

जैसलमेर शहर के कचरा डम्पिंग यार्ड में मृत गौवंश के शवों को खुले में फेंकने का एक मामला सामने आया है। ठेकेदार की इस घोर लापरवाही का खुलासा तब हुआ, जब स्थानीय गाय भक्तों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद जैसलमेर के आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मृत पशु उठाने और हड्डी-चमड़ा निस्तारण का ठेका लेने वाले ठेकेदार को कड़ी चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर ठेका निरस्त कर धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी। वहीं, जन आक्रोश को देखते हुए आयुक्त के निर्देश पर नगर परिषद् की टीम ने तुरंत मौके पर जेसीबी (JCB) भेजकर खुले में पड़े शवों को गड्ढे खुदवाकर ससम्मान दफनाने की कार्यवाही शुरू कर दी है।

आयुक्त ने जारी किया कड़ा नोटिस, धरोहर राशि होगी जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद् जैसलमेर के आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने तुरंत संज्ञान लिया और मृत पशु उठाने व हड्डी-चमड़ा निस्तारण का ठेका लेने वाले ठेकेदार गोपाराम (निवासी सुवाला, बाड़मेर) को एक कड़ा आधिकारिक नोटिस जारी किया है। आयुक्त द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि ठेकेदार को डम्पिंग यार्ड में मृत पशुओं के निस्तारण के लिए बाकायदा गड्ढे और स्थान चिन्हित करके दिए गए थे, इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा पशुओं को खुले में अन्यत्र फेंका जा रहा था, जो नियमों के बिल्कुल विरुद्ध है। प्रशासन ने ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी है कि वह इस कृत्य पर तुरंत अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करे। यदि चित्त जवाब नहीं मिला, तो उसका हड्डी नीलामी का ठेका निरस्त कर दिया जाएगा और नगर परिषद् में जमा उसकी धरोहर (सिक्योरिटी) राशि को जब्त कर लिया जाएगा।

JCB से गड्ढे खुदवाकर शवों को ससम्मान दफनाया

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने और जन आक्रोश बढ़ने के बाद नगर परिषद् की जन स्वास्थ्य शाखा और स्वच्छता निरीक्षक की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आयुक्त के निर्देश पर डम्पिंग यार्ड में तुरंत जेसीबी (JCB) मशीनें लगवाई गईं। जेसीबी के माध्यम से बड़े और गहरे गड्ढे खुदवाकर खुले में पड़े सभी गौवंश व अन्य मृत पशुओं के शवों को मिट्टी डलवाकर ससम्मान दफनाया गया, जिससे क्षेत्र में फैल रही बदबू और दूषित वातावरण से लोगों को राहत मिल सके।

लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं-आयुक्त

लजपाल सिंह सोढा, आयुक्त, नगर परिषद जैसलमेर ने बताया-डम्पिंग यार्ड में मृत पशुओं को खुले में फेंकने की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदार गोपाराम को वित्तीय वर्ष 2025-26 की खुली नीलामी के तहत यह काम दिया गया था, लेकिन उनके द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है। हमने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

यदि ठेकेदार का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो ठेका निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही की जाएगी और धरोहर राशि जब्त होगी। मौके पर तुरंत जेसीबी भेजकर सभी शवों को नियमानुसार दफनाने का काम पूरा करवा दिया गया है, ताकि जन स्वास्थ्य पर कोई विपरीत असर न पड़े।