पटना में बंटी किडनैपिंग-मर्डर केस के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर:पुलिस की गाड़ी देखते ही फायरिंग की, पटना SSP बोले- नेपाल भगाने की तैयारी में था

पटना के बंटी यादव अपहरण-मर्डर केस का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बसिया गुरुवार को पटना में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।

बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एलएनटी से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर सुबह करीब 3 बजे ये मुठभेड़ हुई। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। गोली पुलिस की कार की बोनट पर लगी।

जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली रवीश के दाहिने पैर में लगी। उसे इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है। कुल 2 राउंड फायरिंग हुई है। एक राउंड पुलिस ने की। एक राउंड रवीश ने की। मौके से एक खोखा, एक कारतूस, एक देसी कट्टा और मोबाइल फोन मिला है।

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि रवीश नेपाल भागने की तैयारी में था। उसके और मारे गए बंटी के बीच वर्चस्व की लड़ाई थी।