सोनीपत में तीन दोस्तों को ट्रक ने कुचला: दो की मौत, एक की हालत गंभीर; गाड़ी का टायर बदलते वक्त हादसा

सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। गन्नौर क्षेत्र में शान-ए-पंजाब ढाबे के पास सड़क किनारे पंचर हुई कार का टायर बदल रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों अस्पताल में भर्ती अपने एक परिचित से मिलकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।

अस्पताल से लौटते वक्त हादसा

पुलिस के अनुसार तीनों युवक अस्पताल में भर्ती अपने एक परिचित का हालचाल पूछकर कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में नेशनल हाईवे-44 पर गन्नौर के शान-ए-पंजाब ढाबे के पास उनकी कार का एक टायर पंचर हो गया। इसके बाद तीनों ने कार को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर टायर बदलना शुरू कर दिया।

टायर बदल रहे थे, ट्रक ने मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक टायर बदलने में व्यस्त थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जाकर गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। तीसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

दो की मौत, एक जिंदगी के लिए लड़ रहा जंग

हादसे में फरीदाबाद निवासी सुनील और गन्नौर के गांव शाहपुर तगा निवासी मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल युवक की पहचान उमेश के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतकों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों युवक शादीशुदा थे और अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। मोहित एक निजी कंपनी में नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि सुनील खेती-बाड़ी के जरिए अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव शाहपुर तगा सहित परिजनों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, ट्रक ड्राइवर फरार

सूचना मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भिजवाया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बड़ी थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अधिकारियों ने वाहन ड्राइवरों से हाईवे पर वाहन खराब होने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा संकेतक लगाकर ही मरम्मत करने की अपील की है।