गुरुग्राम में पानी के कारोबार में गैंगस्टरों की एंट्री:कारोबारी बोला- BJP समर्थित पार्षद ने 10 स्कार्पियो में गुंडे भेजे, बिजनेस में हिस्सा मांगा

हरियाणा के गुरुग्राम में अब वॉटर सप्लाई के कारोबार में भी गैंगस्टरों की एंट्री हो गई है। कंस्ट्रक्शन साइटों और कॉलोनियों में पानी सप्लाई करने वाले कारोबारी ने भाजपा समर्थित पार्षद पर हर महीने रंगदारी (मंथली) मांगने का आरोप लगाया है।

पानी कारोबारी मनीष दहिया का आरोप है, “पार्षद दिनेश कारोबार में आधी हिस्सेदारी मांगता है। वह साइट पर गुंडे भेजकर धमकाता है। ठेकेदार को भी काम छोड़ने की धमकी दी गई। उसके गुर्गों ने मंथली नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी है।”

मनीष दहिया का आरोप है कि पार्षद दिनेश कारोबार पर कब्जा जमाने के लिए गैंगस्टर कौशल चौधरी के नाम से धमकी दिलवाता है। बुधवार को दिनेश के गुंडों ने कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचकर काम बंद कराने की धमकी दी। आरोप है कि वे 10 से अधिक स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर आए थे।

वहीं, पार्षद दिनेश ने शिकायतकर्ता मनीष को गैंगस्टर तोता का पार्टनर बताया है। मामले में जब राजेंद्र पार्क थाना प्रभारी (SHO) राजेश से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने व्यस्त होने की बात कहकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

पहले जानिए पानी विवाद क्या है…

गुरुग्राम नगर निगम ने शहर में नई बोरिंग करने पर रोक लगा रखी है। इसके अलावा कंस्ट्रक्शन साइटों पर खुदाई के दौरान भूजल निकालकर निर्माण कार्य करने की भी अनुमति नहीं है। ऐसे में सेक्टर-103 क्षेत्र के कारोबारी मनीष दहिया कॉलोनियों और कंस्ट्रक्शन साइटों पर टैंकरों के जरिए पानी सप्लाई का काम करते हैं।

एक बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन ठेकेदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कंस्ट्रक्शन साइटों पर पानी सप्लाई के लिए ठेका दिया जाता है। इस काम को हासिल करने के लिए पानी के कारोबारी करोड़ों रुपए की बोली लगाते हैं। मनीष दहिया भी इसी तरह की कई कंस्ट्रक्शन साइटों पर पानी सप्लाई का काम करते हैं।

पानी के कारोबारी कंस्ट्रक्शन साइटों के अलावा रिहायशी सोसाइटियों में भी टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराते हैं। इसके लिए हरियाणा वॉटर रिसोर्सेज अथॉरिटी (HWRA) से मंजूरी लेनी पड़ती है, जो आसानी से नहीं मिलती। कंस्ट्रक्शन साइटों पर भी यही स्थिति रहती है। ऐसे में कई ठेकेदार इस लंबी प्रक्रिया से बचने के लिए निजी कारोबारियों से टैंकरों के माध्यम से पानी मंगवाते हैं।

जानिए, कारोबारी ने पार्षद पर क्या-क्या आरोप लगाए…

  • पानी का कारोबार छीनने की कोशिश: सेक्टर-103 में पानी और मिट्टी की सप्लाई का काम करने वाले कारोबारी मनीष दहिया ने वार्ड नंबर-7 के पार्षद दिनेश दहिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पार्षद के जेल में बंद गैंगस्टर कौशल चौधरी से संबंध हैं और उसी के दम पर वह उनका कारोबार छीनना चाहता है।
  • स्कॉर्पियो के काफिले के साथ पहुंचे: मनीष दहिया का दावा है कि पार्षद दिनेश दहिया, कौशल गैंग के सहारे उनका कारोबार हथियाने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि गैंग से जुड़े लोग 10 से अधिक काली स्कॉर्पियो गाड़ियों के काफिले के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
  • राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं: मनीष का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस ने उनकी शिकायत पर अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पार्षद दिनेश दहिया से उन्हें अपनी जान का खतरा है।

पार्षद का दावा- मनीष के तोता गैंग से संबंध

गैंगस्टर के साथ मिलकर कारोबार करने का आरोप

वार्ड नंबर-7 के पार्षद दिनेश दहिया का कहना है कि उन्हें इस मामले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उनका आरोप है कि मनीष दहिया के खुद गैंगस्टर सुनील उर्फ तोता से संबंध हैं। वह तोता के साथ मिलकर पानी के कारोबार में शामिल है। दिनेश का दावा है कि सुनील उर्फ तोता करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया है।

चुनावी रंजिश में लगाए जा रहे आरोप

दिनेश दहिया का कहना है कि गैंगस्टर तोता के भाई ने उनके खिलाफ पार्षद का चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि मनीष दहिया ने चुनाव के दौरान तोता के भाई का समर्थन किया था। चुनावी हार की रंजिश के चलते अब मनीष उन पर झूठे आरोप लगा रहा है और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।