CM बोले-कारगिल युद्ध में शो की कमाई सेना को भेजी:चंडीगढ़ वॉर मेमोरियल में शहीदों को दी श्रद्धांजलि; कहा-पंजाब के 65 जवानों ने पाई शहादत

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस पर चंडीगढ़ स्थित वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सेना, प्रशासन और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सेना के नाम एक संदेश भी लिखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। मई से 26 जुलाई, 1999 तक चले कारगिल युद्ध में 527 से अधिक वीर जवान शहीद हुए थे, जिनमें 65 पंजाब के जवान शामिल थे। यह कार्यक्रम सैनिक वेलफेयर बोर्ड और विभिन्न संस्थाओं की ओर से आयोजित किया गया।

शहीद एक परिवार के नहीं पूरे देश के होते हैं

सीएम ने कहा , “जो कौम अपने शहीदों को याद रखती है, वह हमेशा आगे बढ़ती है। शहीद किसी एक परिवार के नहीं, बल्कि पूरे देश के होते हैं। मैं हर साल यहां आकर उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।” मुख्यमंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “जब कारगिल युद्ध हुआ था, तब मैं पटियाला में रहता था।

बतौर कलाकार उस समय मैं शो किया था और उससे हुई कमाई सेना को भेजी थी। मैं शहीदों को हमेशा प्रणाम करता हूं। उनकी वजह से ही आज हम सुरक्षित हैं। चाहे माइनस तापमान हो या भीषण गर्मी, हमारे जवान सीमाओं पर डटे रहते हैं। उनकी बदौलत ही हम अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं।” वहीं, उन्होंने किसी तरह का राजनीतिक सवाल नहीं लिया।