ट्रम्प बोले- ईरान समझौता करे या सरेंडर:होर्मुज हमारे कंट्रोल में, अमेरिकी नौसेना की इजाजत के बिना कोई जहाज नहीं गुजर सकता

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के पास अब सिर्फ दो रास्ते बचे हैं- समझौता करना या पूरी तरह सरेंडर करना। उन्होंने कहा कि ईरानी लीडरशिप बातचीत को लेकर दोहरा रवैया अपना रहा है।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा,

ईरान पहले बातचीत के लिए भीख मांगता है, लेकिन फिर सार्वजनिक तौर पर कहता है कि अमेरिका से कोई बातचीत नहीं हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पहले से ही हमारे कंट्रोल में है और अमेरिकी नौसेना की इजाजत के बिना वहां से कोई जहाज नहीं गुजर सकता।

1. ट्रम्प ने फिलहाल ईरान पर हमला टाला: ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान और दूसरे पश्चिम एशियाई देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव मिलने के बाद अमेरिका ने फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित हमला टाल दिया है।

2. ईरान की चेतावनी- हमला हुआ तो अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएंगे: ईरानी सांसद इब्राहिम रेजाई ने कहा कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो ईरान सिर्फ खाड़ी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि जहां-जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं, उन्हें निशाना बनाएगा।

3. ट्रम्प और सऊदी क्राउन प्रिंस ने तनाव कम करने पर की बात: ट्रम्प और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने फोन पर पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने बातचीत और सीजफायर के जरिए तनाव कम करने पर जोर दिया।

4. अमेरिका के मिसाइल डिफेंस सिस्टम का स्टॉक तेजी से घटा: CSIS की रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार सैन्य अभियानों के कारण अमेरिका के पैट्रियट और THAAD इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार तेजी से कम हुआ है। रिपोर्ट में इसे भविष्य के संभावित संघर्षों के लिए बड़ी चुनौती बताया गया है।

5. रूबियो बोले- होर्मुज स्ट्रेट का विकल्प तैयार करना होगा: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि दुनिया को तेल और गैस की सप्लाई के लिए सिर्फ होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक समुद्री मार्ग विकसित करने होंगे, हालांकि एक्सपर्ट्स इसे आसान नहीं मानते।