भोपाल में बारिश के बीच रविवार को जिला भाजपा की तिरंगा यात्रा निकली। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। तेज बारिश के बावजूद बच्चों और कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
बारिश के कारण छोटा किया गया रूट
पहले तिरंगा यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर आने वाली थी। तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा का रूट छोटा कर दिया गया। न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।
बुलेट से पहुंचे CM, हाथ में तिरंगा लेकर हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। इसके बाद वे हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में साथ चले। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई नेता भी यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा में शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में बच्चे पहुंचे। बारिश के बावजूद बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ चलते नजर आए। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में भी पहुंचे। डोरेमोन और मोटू-पतलू की वेशभूषा में आए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
CM बोले- बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से देश में आजादी का निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ था। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना हर राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा अभियान शुरू किया गया है, जो 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर चलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने अपनी लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य का एहसास करा रहा है। भारत को अपनी संस्कृति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘जियो और जीने दो’ के विचार के साथ आगे बढ़ते हुए दुनिया का नंबर वन देश बनने की दिशा में काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चे, युवा, बुजुर्ग और सभी वर्गों के लोग जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए, वह सराहनीय है। बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना कर दिया। गीले होते हुए भी लोगों का उत्साह और संकल्प देशभक्ति की प्रतिबद्धता को दिखाता है।
तिरंगे के तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक
सीएम ने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की यश-कीर्ति लगातार बढ़ने की कामना की और तिरंगा यात्रा में शामिल सभी भोपालवासियों को बधाई दी। यात्रा के समापन के साथ ही टीटी नगर और आसपास के इलाकों में देशभक्ति के नारों के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।
यात्रा में नशा मुक्ति का भी संदेश
तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया। आयोजकों ने देश की युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया।