फिरोजपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़:जवाबी फायरिंग में 2 अपराधी घायल, नाकाबंदी पर चली ताबड़तोड़ गोलियां; 2 पिस्तौल बरामद

फिरोजपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सबरा बांध पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों को रोकने की कोशिश की। इस पर दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलियां पुलिस की गाड़ी में भी लगीं।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। इस दौरान करीब छह राउंड फायर हुए। पुलिस ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर में भर्ती कराया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।

सबरा बांध के पास नाकाबंदी की गई थी

फिरोजपुर के SSP भूपिंदर सिंह ने बताया कि CIA स्टाफ जीरा और थाना मल्लांवाला पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सबरा बांध के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान हरजीत सिंह पुत्र जतिंदर सिंह, निवासी तलवंडी सोबा, थाना पट्टी और दिलबाग सिंह पुत्र रिछपाल सिंह, निवासी जोगे वाला बाइक पर वहां पहुंचे।

रोकने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की

पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की। रोकने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोलियां पुलिस की गाड़ी में भी लगीं। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद किए हैं। अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि वे पहले किन वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।