पटना में आज तिरंगा यात्रा, CM सम्राट चौधरी होंगे शामिल:जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक निकलेगी यात्रा, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट

पटना में आज 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा की शुरुआत सुबह 10:30 बजे जेपी गोलंबर से होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।

उनके अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सारगवी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। यात्रा जेपी गोलंबर से शुरू होकर रामगुलाम चौक होते हुए कारगिल चौक तक जाएगी।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके मद्देनजर पटना ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया है।

14 अगस्त तक मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा

‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आज पटना में मुख्य तिरंगा यात्रा के बाद 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

सुबह 7 बजे से कई रास्तों पर रोक

तिरंगा यात्रा को देखते हुए आज सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और बुद्धमार्ग से जुड़े कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को इस रोक से बाहर रखा गया है।

पटना जंक्शन की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहे से पूरब की ओर मोड़कर भट्टाचार्या चौक और पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की तरफ भेजा जाएगा।

वहीं, एग्जीबिशन रोड की ओर आने वाले वाहनों को बिग बाजार के पास कटिंग से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

लोगों से वैकल्पिक रास्ते अपनाने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान इन मार्गों से बचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यात्रा समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात व्यवस्था को पूर्ववत किया जाएगा।