स्कॉर्पियो के नीचे फंसी बाइक, आधा किलोमीटर घसीटता ले गया:कुचलने से केमिस्ट की मौत; 15 दिन पहले खोला था मेडिकल स्टोर

बाड़मेर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक गाड़ी के नीचे फंस गया और स्कॉर्पियो ड्राइवर उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ड्राइवर स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाड़मेर जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे सदर थाना क्षेत्र में बाड़मेर-सिणधरी स्टेट हाईवे पर महादेव पेट्रोल पंप के पास घोनरी नाडी में हुआ।

मेडिकल दुकान से बाइक पर घर लौट रहा था युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होडू गांव निवासी श्रवण गोदारा (26) पुत्र दलाराम सोमवार रात करीब 9 बजे उड़ासर गांव स्थित अपनी मेडिकल दुकान से बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने रॉन्ग साइड जाकर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इससे श्रवण करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। सड़क पर दूर तक खून फैल गया और घसीटने के निशान भी नजर आए।

पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो और बाइक जब्त की, ड्राइवर फरार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने श्रवण के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। मौके से स्कॉर्पियो और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया। वहीं स्कॉर्पियो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

15 दिन पहले ही शुरू की थी खुद की मेडिकल दुकान

मिली जानकारी के अनुसार श्रवण पहले हाथमा इलाके के एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। करीब 15 दिन पहले ही उसने अपनी खुद की मेडिकल दुकान शुरू की थी। सोमवार रात वह दुकान से घर लौट रहा था, इसी दौरान हादसा हो गया।