हरियाणा के गुरुग्राम में एक लेडी कैब ड्राइवर के सामने दूसरे कैब ड्राइवर की अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि वह इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग स्टेशन पर अपनी गाड़ी चार्ज कर रही थी, तभी पास की गाड़ी में बैठा ड्राइवर मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने लगा। इतना ही नहीं, वह बार-बार मोबाइल की स्क्रीन जानबूझकर उसकी तरफ कर रहा था।
महिला ने बताया कि माहौल बिगड़ने के डर से उसने उसकी हरकत को पहले तो नजरअंदाज किया। लेकिन जब ड्राइवर की हरकतें जारी रहीं तो उसने हिम्मत दिखाई और मोबाइल निकालकर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला ने आरोपी ड्राइवर की शिकायत चार्जिंग स्टेशन के सिक्योरिटी स्टाफ से की। साथ ही पुलिस में शिकायत देने की बात भी कही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।
- कार में बैठकर पोर्न फिल्म देखने लगाः वीडियो में महिला कैब ड्राइवर अपनी कार चार्ज करती नजर आ रही हैं। उसके बगल में खड़ी दूसरी कैब में ड्राइवर बैठा दिख रहा है। मोबाइल पर कुछ वीडियो चल रहा है। वह बार-बार मोबाइल स्क्रीन लेडी ड्राइवर की तरफ करता दिख रहा है। आरोप है कि वह पोर्न फिल्म देख रहा था।
- महिला ने उतरकर ड्राइवर को टोकाः कुछ देर तक महिला कार के अंदर ही रही। इसके बाद वह अपनी कार से नीचे उतरी और बगल वाली कैब के पास पहुंची। नॉक करके विंडो शीशा नीचे करवाया। फिर ड्राइवर से सवाल किया कि उसकी तरफ मोबाइल करके इस तरह के वीडियो क्यों देख रहा है। वीडियो में दोनों के बीच बातचीत होती सुनी जा रही है। ड्राइवर आरोप से इनकार करता नजर आता है।
- सिक्योरिटी स्टाफ से की शिकायतः बहस के बाद महिला कैब ड्राइवर वहां मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ के पास पहुंची और पूरे मामले की शिकायत करती दिखाई देती है। इसके बाद उसने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है
गाड़ी चार्जिंग के दौरान की घटना
पीड़ित महिला कैब ड्राइवर सेक्टर-29 स्थित ‘टाटा इंटीरियर’ के पास ईवी चार्जिंग स्टेशन पर अपनी गाड़ी चार्ज करने पहुंची थी। उसने अपनी कार को चार्जिंग पॉइंट पर लगाया और चार्जिंग प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करते हुए अपनी गाड़ी के अंदर ही बैठ गई।
इसी दौरान उसके बगल में एक अन्य कैब भी चार्जिंग पर खड़ी थी, तो उस कैब का ड्राइवर गाड़ी में बैठकर काफी देर तक अपने मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो देखने लगा।
सोशल मीडिया पर यूजर कर रहे कमेंट्स
सोशल मीडिया पर वीडियो आते ही यह तेजी से वायरल हो गया और लोग आरोपी ड्राइवर को गलत बता रहे हैं। वहीं महिला के इस साहसी कदम की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि एकदम सही किया, इमिजिएट एक्शन लिया। दूसरे ने कहा, ब्रेव गर्ल।
हालांकि, कुछ लोगों ने युवती को भी गलत ठहराया और कहा कि वह अपनी गाड़ी में देख रहा था, आपको तो कुछ नहीं कहा।
SHO बोले- हम वीडियो जांचेंगे, फिर एक्शन लेंगे
इस बारे में सेक्टर-29 थाना एसएचओ सत्येंद्र का कहना है कि अभी महिला कैब ड्राइवर की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। हम वीडियो की सत्यता की जांच करेंगे। अगर उससे पहले शिकायत मिलती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।