हरियाणा के सोनीपत में आज सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस का एक्सीडेंट हो गया। इसमें 15 सवारियां घायल हो गईं। घायलों को सोनीपत अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। सात से आठ सवारियों को पट्टी-मरहम के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि सात घायल अभी सोनीपत अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सुबह पौने 5 बजे के करीब पेश आया। कांगड़ा जिला के पालमपुर से HRTC बस नंबर 37-2260 दिल्ली जा रही थी और बहालगढ़ फ्लाईओवर से गुजरते वक्त आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे के वक्त 38 यात्री थे सवार
हादसे के वक्त बस में 38 सवारियां थी। इनमें कुछ यात्री हरियाणा के अलग अलग स्टेशन से बस में बैठे थे। बस के कंडक्टर संजीव ने बताया कि बस के आगे ट्रक चल रहा था। ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाई। इसके बाद बस ट्रक से टकरा गई।
एक महिला, एक पुरुष को ज्यादा चोट
उन्होंने बताया कि एक महिला और एक पुरुष को थोड़ी ज्यादा गंभीर चोटें है। सभी का सोनीपत अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया, जो यात्री पूरी तरह सेफ थे, वह HRTC की दूसरी बसों में दिल्ली रवाना हुए।
पालमपुर से यह बस सोमवार दोपहर बाद ढाई बजे चली थी।