MSC छात्रा की प्रेमी के बाथरूम से मिली लाश:वाराणसी में 3 दिन से लापता थी, कॉलेज के लिए निकली थी इकलौती बेटी

वाराणसी में 3 दिन से लापता MSC छात्रा की लाश गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे प्रेमी के बाथरूम से मिली। बेटी का पता लगाते हुए मां प्रेमी के कमरे तक पहुंचीं। उन्होंने जैसे ही गेट खोला, तेज बदबू आने लगी। अंदर बाथरूम में देखा तो बेटी की सड़ी-गली लाश मिली। छात्रा की मां ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

छात्रा की मां ने पुलिस को बताया- 17 अगस्त को बेटी कॉलेज गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। काफी तलाशने के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो लोकेशन बच्छांव में मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का गेट नहीं खुला।

शुक्रवार सुबह छात्रा की मां उसके प्रेमी के ननिहाल पहुंचीं। वहां से उन्हें कमरे की चाबी मिली। इसके बाद वह दोबारा लोकेशन वाली जगह पर पहुंचीं तो घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। वहीं, छात्रा का प्रेमी फरार है। घटना रोहनिया इलाके की है।

माता-पिता की इकलौती बेटी थी छात्रा

छात्रा की पहचान श्रेया उपाध्याय पुत्री सुनील उपाध्याय के रूप में हुई है। राजातालाब के मरुई-जमुनी गांव के रहने वाले सुनील अपने घर से करीब 4 किमी दूर चंदापुर में कपड़े की दुकान चलाते हैं। श्रेया उनकी इकलौती बेटी थी। वह जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी फर्स्ट ईयर में पढ़ती थी।

पुलिस के मुताबिक, चोलापुर के नियार गांव के रहने वाले श्रेया के प्रेमी विवेक चौबे का ननिहाल जमुनी गांव में है। विवेक के दो मामा हैं। बड़े मामा नियार और छोटे मामा मिर्जापुर के सीखड़ गांव में रहते हैं।

विवेक अक्सर नियार आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात श्रेया से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और फिर प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद दोनों अक्सर मिलने लगे। विवेक ज्यादातर बच्छांव में किराए पर कमरा लेकर रहता था।

प्रेमी विवेक के बैग से मिली कमरे की चाबी

20 अगस्त को श्रेया की मां और उसका चचेरा भाई विवेक के मामा के घर मिर्जापुर के सीखड़ गांव पहुंचे। वहां विवेक के बारे में पूछा तो पता चला कि वह गायब है। इसी दौरान वहां विवेक का एक बैग मिला, जिसमें उसके कमरे की चाबी थी।

श्रेया की मां कमरे की चाबी लेकर बच्छांव पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने ताले में चाबी लगाई, दरवाजा खुल गया। कमरे से तेज बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखा तो बाथरूम में श्रेया की लाश पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया-छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। युवती के प्रेमी की तलाश की जा रही है।