भोजशाला मामले को लेकर हिंदू समाज के आह्वान पर आज (मंगलवार) आधे दिन के लिए धार जिले में बंद रखा गया है। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। इससे सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में सन्नाटा नजर आया। बंद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
हिंदू समाज का कहना है कि भोजशाला मामले में हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित तरीके से पालन नहीं कराया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर समाज ने बंद का आह्वान किया था। संगठनों ने व्यापारियों और आम लोगों से इसमें सहयोग करने की अपील की थी।
हिंदू संगठन बाजारों में पहुंचे
बंद के दौरान हिंदू संगठनों से जुड़े लोग शहर के बाजारों में पहुंचे और व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने का अनुरोध किया। कुछ स्थानों पर दुकानें खुली मिलने पर उनसे भी बंद में सहयोग करने की अपील की गई।
बंद का असर शहर में दिखाई दे रहा है। हालांकि स्कूल-कॉलेज, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुली रहीं। जरूरी सेवाओं को बंद से अलग रखा गया है, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए परेशानी न हो।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
बंद को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि बंद के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
जुमे की नमाज होने से नाराज है
दरअसल, भोजशाला के पास प्रत्येक शुक्रवार होने वाली जुमे की नमाज की व्यवस्था को समाप्त करने की मांग हिंदू समाज कर रहा है। हिंदू समाज का कहना है कि शुक्रवार को नमाज के लिए की गई व्यवस्था पर उनकी आपत्ति है। इसी मुद्दे को लेकर संगठनों ने जिला बंद का निर्णय लिया है।
बता दें कि मामले में सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के तहत प्रशासन ने भोजशाला के पीछे स्थित खसरा नंबर 612 की जमीन पर शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों के लिए नमाज की व्यवस्था की है।