केएमपी पर लिफ्ट देना पड़ा महंगा: लिफ्ट मांगने वाली दो महिलाओं ने युवक के गले से उड़ाई सोने की चेन, केस दर्ज

केएमपी एक्सप्रेसवे पर लिफ्ट देने के बहाने एक युवक के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। सोनीपत के गांव आनंदपुर झरोठ निवासी दिनेश ने आसौदा थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, 26 अगस्त को दिनेश अपने दोस्त प्रदीप के साथ गुरुग्राम से कार में घर लौट रहा था। शाम करीब सात बजे आसौदा गांव के पास केएमपी पर दो महिलाओं ने कार रुकवाकर लिफ्ट मांगी। महिलाओं ने बताया कि उनकी गाड़ी खराब हो गई है। इसके बाद दोनों महिलाओं को कार में बैठा लिया गया।

लगभग चार किलोमीटर चलने के बाद महिलाओं ने रास्ते में ही उतारने के लिए कहा। उनके उतरने के बाद जब कार आगे बढ़ी, तो दिनेश ने पाया कि उसके गले से सोने की चेन गायब थी। चेन का वजन करीब 20 ग्राम और 7 रत्ती बताया गया है। दिनेश का आरोप है कि दोनों महिलाओं ने ही चेन चोरी की है। आसौदा थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।