जयपुर में बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से गिरने से इंजीनियर की मौत हो गई। घटना मानसरोवर थाना इलाके की न्यू आतिश मार्केट की 4 सितंबर को शाम करीब 7:30 बजे की है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो 8 सितंबर को सामने आया। इसमें सोडाला निवासी गौरव शर्मा (22) जमीन पर गिरकर उछलता दिखा है।
मानसरोवर थाना पुलिस के अनुसार, गौरव घटना के समय अकेला 13 मंजिल की बिल्डिंग पर पहुंचा था। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से हादसे से कुछ सेकेंड पहले ली गई सेल्फी मिली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव को सेल्फी और रील बनाने का शौक था। पुलिस को आशंका है कि सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया।
FSL टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिसमें गौरव अकेले जाते दिखा है।
सुसाइड के एंगल से भी की जांच
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया- शुरुआती तौर पर पुलिस ने सुसाइड की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की थी। मोबाइल में मिली कुछ सेकेंड पहले की सेल्फी और सीसीटीवी फुटेज के बाद अब अलग एंगल से घटना की जांच की जा रही है। FSL से मिले सबूतों और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
पुलिस अब मोबाइल, सीसीटीवी और FSL रिपोर्ट समेत सभी सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
मां से पार्क जाने की कहकर निकला था
गौरव के मामा प्रवीण शर्मा ने बताया कि गौरव करीब 11 महीने पहले एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर नौकरी पर लगा था। वह सप्ताह में चार दिन वर्क फ्रॉम होम और दो दिन सीतापुरा स्थित ऑफिस से काम करता था। घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे तक घर से काम करने के बाद उसने मां मंजू शर्मा से गोविंददेवजी मंदिर जाने की बात कही थी।
जन्माष्टमी के कारण भीड़ होने पर मां ने उसे अगले दिन जाने की बात कही। इसके बाद गौरव पास के महिमा पार्क जाने की बात कहकर घर से निकल गया। बताया गया कि वह महिमा पार्क (राम नगर) से मेट्रो के जरिए न्यू आतिश मार्केट पहुंचा था।
परिवार में मां और छोटी बहन
गौरव मूल रूप से दूधली, बस्सी का रहने वाला था। वर्तमान में सोडाला के रामनगर में परिवार के साथ रह रहा था। उसके पिता एडवोकेट अरुण शर्मा का करीब 19 साल पहले निधन हो गया था। परिवार में मां मंजू शर्मा और छोटी बहन प्रज्ञा शर्मा हैं। प्रज्ञा बीएससी में पढ़ रही है। बेटे की मौत के बाद मां सदमे में हैं।