यूपी सरकार ने गुरुवार रात करीब 10:30 बजे 5 IAS और 6 PCS अफसरों के तबादले कर दिए। बहराइच और जालौन में नए जिलाधिकारी बनाए गए हैं। IAS राजेश कुमार पांडेय को अब बहराइच का डीएम बनाया गया है। वे अभी तक जालौन के डीएम थे।
राजेश पांडेय ने बहराइच में 2014 बैच के IAS अक्षय त्रिपाठी की जगह ली है। अक्षय को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुए ओराम का निजी सचिव बनाया गया है। इस नियुक्ति को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 8 अगस्त को मंजूरी दी थी। तब से कयास लगाए जा रहे थे कि बहराइच में नए डीएम की तैनाती होगी।
वहीं, IAS समीर को जालौन का जिलाधिकारी बनाया गया है। वे 4 मई, 2026 से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव और यूपीडेस्को के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल रहे थे।
बाराबंकी के CDO रहे बी सूदन का झांसी ट्रांसफर
- झांसी नगर निगम की आयुक्त आकांक्षा राणा का ट्रांसफर आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक विभाग में विशेष सचिव के पद पर किया है।
- बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी बी सूदन का ट्रांसफर झांसी नगर निगम के आयुक्त पद पर किया गया है।
- मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा का ट्रांसफर बाराबंकी में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर किया है
लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव बने सुशील सिंह
यूपी सरकार ने प्रांतीय प्रशासनिक सेवा (PCS) के 6 अधिकारियों के तबादले किए हैं। भारतखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के कुल सचिव और संस्कृति निदेशालय के अपर निदेशक सुशील प्रताप सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का सचिव बनाया गया है। वहीं, LDA के संयुक्त सचिव अतुल कुमार को भारतखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का नया कुल सचिव और संस्कृति निदेशालय का अपर निदेशक बनाया गया है।
अन्य प्रमुख बदलाव-
- बदायूं के उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह को कानपुर नगर का नया अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) नियुक्त किया गया है।
- गोंडा के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सिंह को उपनिदेशक (प्रशासन), युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के पद पर तैनात किया गया है।
- झांसी के नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा को गोंडा का नया अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है।
- कुशीनगर के उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह को स्थानांतरित कर झांसी का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।