IIT बॉम्बे ने छात्र साहिल वाकोडे के सुसाइड केस में आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेजा है। उन पर साहिल को उकसाने और जातिगत भेदभाव का आरोप है। 21 सितंबर को डूला को डीन ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के पद से हटाया था।
संस्थान ने मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय हाईलेवल कमेटी बनाई है। कमेटी मौत से पहले की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और एक हफ्ते में रिपोर्ट देगी। इसकी अध्यक्षता IIT पालक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रो. रमेश वेंकटेश्वरन करेंगे। इसमें छात्र और अन्य सदस्य भी शामिल हैं।
साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने FIR में नामजद आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी कमेटी से ज्यादा निष्पक्ष जांच और बेटे के लिए न्याय चाहिए। परिवार ने मामले को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की भी बात कही है।
18 सितंबर: साहिल का शव हॉस्टल में मिला था
साहिल 18 सितंबर की शाम हॉस्टल कमरे में फंदे से लटका मिला था। मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है। क्राइम ब्रांच एग्जाम हॉल, कैंपस और हॉस्टल की CCTV फुटेज खंगाल रही है।
पिता बोले- FIR में नाम है तो गिरफ्तारी क्यों नहीं?
साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने कहा कि FIR में नामजद दोनों आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने सवाल किया कि अगर कार्रवाई की गई है तो परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई।
क्राइम ब्रांच ने बताया, 18 सितंबर के CCTV फुटेज में क्या दिखा
साहिल 22 साल का था और IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में BTech सेकंड ईयर में पढ़ता था। वह महाराष्ट्र के यवतमाल जिले का रहने वाला था।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, साहिल 18 सितंबर को मिड-सेमेस्ट परीक्षा में शामिल हुआ था। उस दिन दोपहर 12:30 से 12:45 बजे के बीच एग्जाम हॉल की CCTV फुटेज में वह अपनी जेब में रखी किसी चीज को देखने के लिए झुकता दिखाई दिया था।
इसके बाद प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला ने उससे सवाल किया। इसके बाद साहिल एग्जाम हॉल से निकलकर हॉस्टल की तरफ जाता दिखाई दिया। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, साहिल करीब 1:25 बजे हॉस्टल के कमरे में पहुंचा था और इसके बाद बाहर नहीं निकला।
बाद में उसी दिन वह अपने कमरे में मृत मिला। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के मुताबिक, परीक्षा हॉल, कैंपस और हॉस्टल की CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
सभी फुटेज को आपस में जोड़कर साहिल की मूवमेंट और घटना से पहले की पूरी घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है। हालांकि, फुटेज अभी जारी नहीं की गई है और इसे जांच टीम ही देख रही है।
संस्थान का दावा- ChatGPT से नकल करते पकड़ाया था साहिल
साहिल की मौत को लेकर IIT बॉम्बे ने 19 सितंबर को कहा था कि मिड-सेमेस्टर एग्जाम के दौरान साहिल मोबाइल से नकल करते पकड़ा गया था। संस्थान के मुताबिक, फसने ChatGPT पर प्रश्नप्रत्र अपलोड करने की कोशिश की थी।
हालांकि, 21 सितंबर को संस्थान ने माफी मांगते हुए अपना बयान वापस लिया। IIT ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले बयान देना सही नहीं था।
IIT बॉम्बे ने स्टूडेंट्स की 18 में से 2 मांगें मानीं
IIT बॉम्बे में इस साल तीन सुसाइड, देश का 9वां मामला
इस साल IIT बॉम्बे में सुसाइड का यह तीसरा और देश का 9वां मामला है। पिछले 6 साल के दौरान 2025 में सबसे ज्यादा 16 IIT छात्रों ने सुसाइड किया था। ग्लोबल IIT एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के मुताबिक, पिछले 20 साल में IIT के कुल 160 छात्रों ने आत्महत्या की हैं।