दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ मारा:AAP विधायक ने हाथ से सड़क उखाड़कर मंत्री को दी थी, युवक वीडियो बना रहा था

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने रविवार को एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो आम आदमी पार्टी ने X पर शेयर किया।

यह पूरा मामला AAP विधायक जरनैल सिंह के प्रदर्शन से शुरू हुआ था। उन्होंने तिलक नगर में बनाई गई सड़क अपने हाथ से उखाड़कर PWD विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के हाथ में दे दी। वह सड़क की जांच करने पहुंचे थे।

प्रवेश जब वहां से जाने लगे तो प्रदर्शन कर रहे लोग उनके पीछे आए और सवाल करने लगे। इसी दौरान वीडियो बना रहे युवक को उन्होंने थप्पड़ मार दिया।

युवक का आरोप है उसे पुलिस के सामने पीटा गया। जान से मारने की धमकी दी गई। उसने पुलिस को शिकायत दी, कहा कि मंत्री को लिखित में माफी मांगनी होगी।

विवाद के बाद प्रवेश ने भी वीडियो जारी किया। उनका आरोप है कि जरनैल रात में बनी सड़क सुबह उखाड़ रहे हैं। उन्होंने कमीशन मांगा था, नहीं मिला तो तमाशा बनाया।

जरनैल के साथियों ने मेरे परिवार को गाली दी, इन हालात में कोई भी आम आदमी जो करता, वही मैंने किया।

इस पूरे विवाद के बाद, आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। विधायक कुलदीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

  • प्रवेश वर्मा तिलक नगर पहुंचे, फोन करके जरनैल को बुलाया: प्रवेश वर्मा रविवार को तिलक नगर पहुंचे। वहां उन्होंने विधायक जरनैल सिंह को फोन करके बुलाया। विधायक जरनैल अपने साथियों के साथ पहुंच गए। इस दौरान जनरैल तारकोल से बनी सड़क के टुकड़े दिखाने लगे।
  • प्रवेश-जरनैल में बहस हुई: इसके बाद जरनैल, प्रवेश से कहते हैं, आपने जो सड़क बनाई वो उखाड़ कर दिखा दी। इस पर प्रवेश ने कहा- गलत नहीं बोलना है, आप 15 साल में नहीं बना पाए। जवाब में जनरैल ने कहा- आप बना दो लेकिन ऐसी मत बनाओ जो 15 घंटे न चले।
  • प्रवेश वहां से निकले, AAP के लोगों ने पीछा किया: बहस के बाद मंत्री वर्मा वहां से चले गए। जरनैल उनकी गाड़ी तक पीछे-पीछे जाते हैं, वहीं प्रवेश वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मार देते हैं। प्रवेश के साथ आए लोग युवक को हटाते हैं और उसे दूर ले जाते हैं।
  • AAP ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया: विधायक जरनैल समेत AAP के कार्यकर्ताओं ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। आरोप लगाया गया कि सड़क में भ्रष्टाचार के सवाल पर प्रवेश ने मारपीट की। युवक ने पुलिस में शिकायत दी।
  • प्रवेश ने 2.56 मिनट के वीडियो में रखा अपना पक्ष: विवाद बढ़ने पर प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें आरोप लगाया कि विकास पुरी इलाके के विधायक जरनैल सिंह कई दिनों से PWD विभाग के इंजीनियरों से कह रहे थे कि वे उन्हें कॉन्ट्रैक्टर से मिलवाएं और उनके लिए कमीशन का इंतजाम करें।
  • प्रवेश का दावा- युवक परिवार को गाली दे रहा था: प्रवेश ने बताया कि 45 मिनट तक इंतजार किया। जब जरनैल सिंह आए, तो उन्होंने पहले ही अपने कार्यकर्ताओं को बता दिया था और उनके साथ आए थे। आते ही उन्होंने बदतमीजी शुरू कर दी। जब उनके एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गाली दी, तो ऐसी स्थिति में कोई भी गुस्से में प्रतिक्रिया देगा, और मैंने भी वही किया।

कांग्रेस बोली- ये सत्ता वोटर से नहीं डरती, BJP का दावा- युवक आदतन अपराधाी

राहुल बोले- ये उस सत्ता का चेहरा, जो वोटर से नहीं डरती: राहुल गांधी ने भी इस पूरे मामले पर दिल्ली सरकार को घेरते हुए एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने कहा- दिल्ली की BJP सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह, वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी, और उसके हाथ में कैमरा था। ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है।

BJP का दावा- जिसे थप्पड़ मारा गया, वह आदतन अपराधी: दिल्ली बीजेपी ने तिलक नगर की घटना पर कहा कि जिस व्यक्ति को PWD मंत्री ने सड़क के निरीक्षण के दौरान थप्पड़ मारा, वह आदतन अपराधी है और उसे पहले MCD कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

इससे पहले, वर्मा ने दावा किया था कि साहेब सिंह नाम का व्यक्ति, जो जरनैल सिंह का सहयोगी है, उसने सड़क के काम का निरीक्षण करते समय उनके परिवार के बारे में अपशब्द कहे थे। जिसके चलते उन्होंने उस पर हाथ उठाया।

प्रवेश वर्मा से जुड़े बड़े विवाद

  • 2020- शाहीन बाग के प्रदर्शनकारी रेप-हत्या कर सकते हैं: एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रवेश वर्मा ने शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों पर आरोप लगाया था कि वे दिल्ली के लोगों के घरों में घुस सकते हैं, महिलाओं से रेप और हत्या कर सकते हैं।उन्होंने यह भी कहा था कि BJP की सरकार बनने पर शाहीन बाग को एक घंटे में खाली करा दिया जाएगा। चुनाव आयोग ने उन्हें 96 घंटे प्रचार करने से प्रतिबंधित किया था।
  • 2020- केजरीवाल को आतंकवादी कहा: एक चुनावी भाषण और बाद में मीडिया बातचीत में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहा। केजरीवाल की तुलना नटवरलाल और आतंकवादियों से की। चुनाव आयोग ने उन्हें 24 घंटे चुनाव प्रचार से प्रतिबंधित किया। यह शाहीन बाग मामले से अलग कार्रवाई थी।
  • 2022- यमुना में केमिकल डालने पर अधिकारी से तीखी बहस: एक वीडियो में वे यमुना घाट पर दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी से बहस करते दिखे। अधिकारी ने बताया कि झाग हटाने वाला डिफोमर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जवाब में वर्मा ने पूछा था कि अगर केमिकल सुरक्षित है तो उसे अधिकारी के सिर पर डाल दें।
  • 2024- महिलाओं को ₹1,100 देने का मामला: प्रवेश वर्मा के घर के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं दिखाई दीं थीं। कुछ महिलाओं ने कैमरे पर कहा कि उन्हें ₹1,100 और एक कार्ड दिया गया और BJP को वोट देने के लिए कहा गया। वर्मा ने पैसे देने की बात से इनकार नहीं किया। उनका कहना था कि उनके पिता का बनाया राष्ट्रीय स्वाभिमान संस्थान गरीब महिलाओं मासिक सहायता दे रहा है और इसका उद्देश्य उनकी मदद करना है।
  • 2025- जूते पहनाने/बांटने का वीडियो: वाल्मीकि मंदिर में सफाई कर्मचारियों को जूते देने का वीडियो सामने आया। शिकायतकर्ता ने इसे मतदाताओं को प्रलोभन देने का मामला बताया और वीडियो पुलिस को दिया। वर्मा का कहना था कि उन्होंने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके पैरों में जूते पहनाए, जूते बांटे नहीं थे।