हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला की मौत के बाद बुधवार सुबह उसके मायके वालों ने हंगामा कर दिया। उत्तर प्रदेश से पहुंचे परिजनों को घर पर ताला लगा मिला। उन्होंने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बाद में उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी का शव अस्पताल में है।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दामाद के भाई पर छेड़छाड़ और हत्या से जुड़े केस के लिए ससुराल पक्ष उनसे 25 लाख रुपए मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उनके 10 महीने के नाती को लेकर फरार हो गए। पिता ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ फर्रुखनगर थाने में शिकायत दी है।
3 साल पहले हुई थी शादी
हापुड़ जिले के पिलखुवा स्थित खेड़ा गांव निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी भावना (28) की शादी 16 दिसंबर 2023 को फर्रुखनगर निवासी गौतम शर्मा से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उनसे 25 लाख रुपए मांग रहा था। गौतम ने बताया था कि उसके भाई पर छेड़छाड़ और हत्या से जुड़ा केस है, जिसके लिए 25 लाख रुपए चाहिए। वह अब तक 2.5 लाख रुपए दे चुके थे। भावना पिछले चार-पांच महीने से मायके में रह रही थी और हाल ही में ससुराल लौटी थी।
अस्पताल वाले मांग रहे डेढ़ लाख का बिल
अनिल शर्मा ने आगे बताया कि मंगलवार देर रात गौतम ने उन्हें फोन करके कहा, “भावना की मौत हो गई है, आ जाओ।” इस सूचना पर वे तुरंत गुरुग्राम पहुंचे। वहां पहुंचने पर भावना के ससुराल में ताला लटका मिला। इसके बाद उन्हें पता चला कि भावना का शव सेक्टर-88A स्थित एक अस्पताल में रखा है। अब अस्पताल प्रबंधन उनसे डेढ़ लाख रुपए का बिल मांग रहा है।
गला घोंटकर हत्या करने का आरोप
पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ पहले मारपीट की गई। उसके गले पर गोल निशान बने हुए हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। गौतम और उसका परिवार भावना के शव को अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गया है और उनका कोई पता नहीं चल रहा है। वे भावना के 10 महीने के मासूम बेटे को भी अपने साथ ले गए हैं।
दामाद पर पहले से शादीशुदा होने का आरोप
अनिल शर्मा का आरोप है कि भावना की शादी के समय उनसे झूठ बोला गया था। उन्हें अब जानकारी मिली है कि गौतम की पहले भी शादी हो चुकी थी और उसकी पहली पत्नी के साथ भी इसी तरह की घटना हुई थी। उन्होंने मांग की है कि भावना की हत्या में शामिल उसके पति गौतम, ससुर बिजेंद्र, सास और देवर अंशु के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
SHO बोले- आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
फर्रुखनगर थाना SHO महावीर ने बताया कि मायके वालों की शिकायत ले ली है। दहेज हत्या और प्रताड़ना की धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। इस मामले की पुलिस द्वारा निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।