लुधियाना में तेज रफ्तार ट्राले ने दंपती को कुचला:बाइक पर जा रहे थे, दूर तक घसीटता ले गया; पत्नी की मौत

लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग पर हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के मेन गार्ड रूम के नजदीक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद ट्राला बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया।

अब्बूवाल रोड नई आबादी, अकालगढ़ (सुधार बाजार) के रहने वाले जीत सिंह अपनी पत्नी ममता देवी के साथ सोमवार को बाजार से सब्जी और घर का अन्य सामान लेकर बाइक पर वापस लौट रहे थे। जब दंपती भारतीय वायु सेना केंद्र हलवारा के मेन गार्ड रूम के नजदीक बने कट से मुड़ने लगे, तभी पीछे से आ रहे 16-टायर वाले ट्राले ने उन्हें चपेट में ले लिया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल जीत सिंह ने लोगों की मदद से वाहन का इंतजाम किया और खून से लथपथ अपनी पत्नी ममता देवी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ममता देवी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में जीत सिंह भी घायल हुए हैं।

सफाई का काम करती थी मृतका, पीछे रह गए दो बेटे

बताया जा रहा है कि मृतका ममता देवी साफ-सफाई का काम करके अपने परिवार का गुजारा चलाने में मदद करती थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के दो बेटे हैं, जिनके सिर से अब मां का साया उठ गया है।

फरार ट्राला ड्राइवर गिरफ्तार, वाहन जब्त

थाना सुधार के प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्राला ड्राइवर को पुलिस ने लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रेम कुमार के रूप में हुई है, जो राजस्थान के सरदूलगढ़ (वार्ड नंबर-3) का निवासी है।

पुलिस ने हादसे में शामिल 16-टायरी ट्राले को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ममता देवी के शव को लुधियाना के सिविल अस्पताल भेजा गया है, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।