दिल्ली की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से लोगों को जोड़ने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) अगले छह महीने में 12 हेरिटेज वॉक आयोजित करेगा। इसके लिए डीडीए ने इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) के दिल्ली चैप्टर के साथ एमओयू किया है। उप-राज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधु के निर्देश पर शुरू इस पहल के तहत हर महीने दो गाइडेड वॉक होंगी।
अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को शाम 4 बजे मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क से होगी। इसमें विशेषज्ञ दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों, वास्तुकला और अनसुने इतिहास से लोगों को परिचित कराएंगे। इंटेक वॉक के रूट, थीम और गाइड की व्यवस्था करेगा, जबकि डीडीए प्रशासनिक सहयोग और जरूरी अनुमति देगा।
बता दें कि, हाल ही में उपराज्यपाल ने संजय वन में हेरिटेज वॉक का नेतृत्व किया था। इस दौरान उन्होंने दिल्ली रिज की विरासत पर आधारित ई-बुक का विमोचन भी किया था।
इन 6 स्थानों पर होंगी हेरिटेज वॉक…
- संजय वन
- मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क
- सुल्तान गढ़ी
- तुगलकाबाद
- डियर पार्क और हौज खास
- नॉर्दर्न रिज (उत्तरी रिज)
एक वॉक में 40 लोग, शुल्क 500 रुपए…
- शुरुआत: 24 अक्टूबर, शाम 4 बजे
- कुल वॉक: 12, हर महीने दो
- प्रतिभागी: अधिकतम 40 प्रति वॉक
- शुल्क: 500 रुपए + जीएसटी प्रति व्यक्ति
- पंजीकरण: डीडीए पोर्टल या bit.ly/HeritageWalkMAP पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।