जालंधर में बस्ती एरिया के भार्गव कैंप से नशे में झूमते युवक का वीडियो सामने आया है। युवक बिजली के खंभे के साथ कंधा लगाकर सहारा लेने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन उससे खड़ा नहीं हुआ जा रहा है। इलाके के ही कुछ युवकों ने उसका वीडियो बना लिया।
युवकों ने बताया कि जैसे ही वे वीडियो बनाने लगे, तो कुछ युवक बाइक से निकल गए। वीडियो में युवक यह कहते हुए भी सुनाई दिए कि यह बुड्ढा मल्ल ग्राउंड है। इस इलाके में रोजाना ऐसा सीन देखने को मिल जाता है।
वीडियो पर भाजपा नेता, पूर्व विधायक और एससी मोर्चा के पंजाब अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने चिंता जताई है। शीतल ने वीडियो शेयर कर लिखा कि पंजाब की जवानी को बचाने के लिए आगे आना चाहिए। पूरे पंजाब में तेजी से युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं।
पूर्व विधायक शीतल बोले- माता-पिता बच्चों के लिए चिंतित
जालंधर वेस्ट से पूर्व विधायक और अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने क्षेत्र में बढ़ते नशे और युवाओं की दयनीय स्थिति को लेकर प्रशासन तथा मौजूदा सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाए हैं। अंगुराल ने कहा कि क्षेत्र में एक नौजवान को नशे की हालत में तड़पते और गिरते देखकर उनका दिल दुखी है। माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपने देखते हैं, लेकिन आज का युवा नशे के दलदल में धंसता जा रहा है। यह स्थिति समाज और स्थानीय प्रशासन, दोनों के लिए एक गंभीर चेतावनी है।
पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि क्या जालंधर वेस्ट की जनता ने इसी प्रकार के विकास के सपने देखे थे? उन्होंने जोर देकर कहा कि जालंधर वेस्ट को नशे से पूरी तरह मुक्ति चाहिए और यहां के युवाओं को नशे की जगह रोजगार और बेहतर भविष्य मिलना चाहिए।
सौदागरों पर तुरंत सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाए
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नशे के तस्करों और सौदागरों पर तुरंत सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाए। अंगुराल ने ‘नशामुक्त जालंधर वेस्ट, सुरक्षित नौजवान और उज्ज्वल भविष्य’ का संकल्प लेते हुए युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।
नशे का टीका लगाते 2 युवकों को पकड़ा था
बता दें कि बुधवार को भी जालंधर एरिया में नशे का टीका लगाते हुए लोगों ने दो युवकों को पकड़ा था। दोनों युवक जालंधर जिले की तहसील फिल्लौर से संबंध रखते थे। कुछ दिन पहले बस्ती एरिया में ही मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में नशे की सामग्री पकड़ी गई थी।