होटल में अचानक गिरी बैंक मैनेजर की पत्नी, CCTV:सिर पर चोट लगने से मौत, झांसी में 4 महीने पहले हुई थी शादी

झांसी के एक होटल में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत हो गई। दोनों की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी। शनिवार को होटल में कमरा बुक करके रुके थे। अगले दिन चेकआउट की तैयारी कर रहे थे। तभी कमरे के दरवाजे पर खड़ी पत्नी अचानक पीछे की तरफ सिर के बल गिर पड़ी, जिससे उसका सिर फट गया।

फर्श पर खून फैल गया। पति उसे उठाकर कमरे में ले गया और फिर होटल स्टाफ की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है।

घटना का CCTV भी सामने आया है। इसमें महिला अपने पति और होटल कर्मचारी के साथ कमरे की ओर जाती दिख रही है। कर्मचारी और पति कमरे के अंदर जाते हैं, जबकि महिला पीछे-पीछे दरवाजे तक पहुंचती है। 4 सेकेंड में खड़े-खड़े नीचे गिर जाती है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक मुस्कान (27) अपने पति निलेश (33) के साथ होटल ऋषभ में ठहरी हुई थी। निलेश मध्य प्रदेश के विदिशा का रहने वाला है। MP ग्रामीण बैंक में सोसाइटी मैनेजर के पद पर तैनात है। मुस्कान के पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है।