पानीपत में 9 साल बाद बेटे के जन्म की खुशी में पीलिया की रस्म निभाने पहुंचे लड़की के मामा पक्ष को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। करनाल के पुंडरक गांव से अजय करीब 30 रिश्तेदारों के साथ बहन के घर पहुंचे थे।
मामा का परिवार 20 हजार रुपए में डीजे किराए पर लेकर आ गया। उधर, पति के परिवार ने भी डीजे बुक कर रखा था। इसके बाद डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बहन के पति और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें अजय, उनके माता-पिता, पत्नी समेत 7 लोग घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि आरोपियों ने गढ़ सरनाई से खोतपुरा गांव तक उनका पीछा किया और मारते रहे। घायलों ने अस्पताल में इलाज कराने के बाद पुलिस को शिकायत दी है।
9 साल बाद घर में बेटे का जन्म, लड़की के घरवालों को पीटा
करनाल के पुंडरक गांव निवासी अजय ने बताया कि उनकी बहन अन्नू की शादी पानीपत के गढ़ सरनाई गांव निवासी शमशेर के साथ हुई थी। शादी के करीब 9 साल बाद बहन के घर बेटे का जन्म हुआ।
इसी खुशी में रविवार को अजय अपने करीब 30 रिश्तेदारों के साथ पीलिया की रस्म निभाने पहुंचे थे। परिवार 20 हजार रुपए में डीजे किराए पर लेकर आया था। अजय के मुताबिक, वे रस्म के लिए एक लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और करीब दो लाख रुपए का अन्य सामान भी लेकर पहुंचे थे।
डीजे बजाने को लेकर कहासुनी, लाठी-डंडों से हमला
अजय के अनुसार, पीलिया की रस्म के दौरान डीजे बजाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। दूसरे पक्ष ने अपना डीजे बजाने की बात कही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बहन के पति व उसके परिजनों ने अजय और उनके साथ आए रिश्तेदारों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें बचने के लिए वहां से भागना पड़ा।
गढ़ सरनाई से खोतपुरा गांव तक पीछा करने का दावा
पीड़ित परिवार के मुताबिक, मारपीट के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि हमलावरों ने उनका गढ़ सरनाई से खोतपुरा गांव तक पीछा किया। घटना में अजय, उनके पिता शीशपाल, मां उषा, पत्नी अनीता, बुआ के बेटे राहुल, बहन के देवर मीती और मासी सुदेश घायल हो गए। अजय का कहना है कि कुछ अन्य रिश्तेदारों को भी चोटें आई हैं। इसके बाद परिवार करनाल की ओर निकल गया और घायलों ने पानीपत के अस्पताल में इलाज कराया।
बहन के मायके में रहने को लेकर पहले से विवाद का आरोप
अजय का आरोप है कि उनकी बहन को ससुराल में परेशान किया जाता था। इसके चलते वह करीब एक साल तक मायके में भी रही थी। इसी बात को लेकर बहन के ससुराल पक्ष के लोग उनसे रंजिश रखते थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण ही खुशी के मौके पर विवाद बढ़ा और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
1 लाख रुपए नकदी और 2 लाख का सामान छूटा
अजय के परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके करीब एक लाख रुपए नकद और लगभग दो लाख रुपए का सामान मौके पर ही छूट गया। परिवार ने हमले और सामान छूटने के मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। घायलों ने इलाज के बाद शिकायत दी है।