जींद के टैक्सी ड्राइवर प्रदीप के साथ भिवानी जिले के गांव अलखपुरा में मारपीट का मामला सामने आया है। प्रदीप अपने दोस्त के जन्मदिन में शामिल होने आया था। रात करीब 10 बजे लौटते समय दो युवकों ने गुरुग्राम जाने के लिए टैक्सी बुक की, लेकिन रास्ते में झज्जर चलने को कहा। प्रदीप के मना करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और फोन कर दो अन्य साथियों को बुला लिया।
चारों ने उसके साथ मारपीट की और टैक्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रदीप ने डायल 112 पर शिकायत दी। घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 युवकों ने गुरुग्राम छोड़ने को कहा
जींद के विकास नगर निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टैक्सी चलाने का काम करता है। वह अपनी टैक्सी लेकर भिवानी अलखपुरा में अपने दोस्त के जन्मदिन के अवसर पर गया था। रात को करीब 10 बजे वह अपनी टैक्सी लेकर गांव अलखपुरा से वापस जाने लगा, तो उसी समय वहां मौजूद 2 युवकों ने उससे गुरुग्राम छोड़ने के लिए कहा, जिस पर प्रदीप ने सहमति दे दी।
जिसके बाद दोनों टैक्सी में बैठ गए और जब वह अलखपुरा से निकलकर मुख्य मार्ग पर आया, तो उक्त युवकों ने कहा कि वे गुरुग्राम नहीं बल्कि झज्जर जाएंगे।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
जब प्रदीप ने झज्जर जाने से मना कर दिया, तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने फोन करके 2 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। जो गाड़ी में सवार होकर आए, उन्होंने भी टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट की। जिसके कारण उसे चोटें आई। प्रदीप आरोपियों से जान बचाकर भागा और स्वयं को बचाया। वहीं आरोपियों ने उसकी टैक्सी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
वहीं पीड़ित ने इसकी शिकायत डायल 112 पर दी। वहीं घायल टैक्सी ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।