कल्याणपुरा-पिछोड़ी रोड पर मिला लकड़बग्घे का शव:शरीर पर चोट के निशान, वाहन की टक्कर की आशंका; वन विभाग कर रहा जांच

बड़वानी जिला मुख्यालय के पास कल्याणपुरा-पिछोड़ी रोड के किनारे सोमवार को लकड़बग्घे का शव मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। वन विभाग को आशंका है कि रात में सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई होगी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बाघ समझकर मौके पर पहुंचे लोग

सोमवार को कुछ लोगों ने सड़क किनारे एक जानवर का शव पड़ा देखा। शव देखकर लोगों को लगा कि किसी बाघ की मौत हुई है। इसकी जानकारी फैलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी पहुंची। जांच के दौरान मृत जानवर की पहचान लकड़बग्घे के रूप में हुई।

शरीर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम होगा

वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जताई गई है। पशु विशेषज्ञ चिकित्सकों को पोस्टमार्टम के लिए बुलाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद नियमानुसार शव को दफनाया जाएगा।

नर्मदा पट्टी के जंगलों में मिलते हैं लकड़बग्घे

वन विभाग के अनुसार, बड़वानी जिले की नर्मदा पट्टी और आसपास के जंगलों में लकड़बग्घे पाए जाते हैं। रात में सड़क पार करने के दौरान वन्यजीवों के वाहनों की चपेट में आने की आशंका रहती है।