भोपाल में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड के संदिग्ध केयर टेकर वरुण कुमार के पुराने विवादों की जानकारी सामने आई है।
पुलिस को पता चला है कि वह पंजाब में रहने वाली अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड से मारपीट कर चुका है। पिता की दूसरी शादी से नाराज होकर उन पर भी हमला कर चुका था।
हालांकि, इन घटनाओं का राकेश अग्रवाल की हत्या से सीधा संबंध नहीं है।
30 सितंबर को हुई हत्या के मामले में वरुण अब तक फरार है। चार दिन पहले गठित एसआईटी मामले की नए सिरे से जांच कर रही है।
छह साल से परिवार से अलग रह रहा था
जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, वरुण ग्वालियर, आगरा, दिल्ली और भोपाल में केयर टेकर के तौर पर काम कर चुका है। वह करीब छह साल से परिवार से अलग रह रहा था। परिजन और करीबी लोगों से पूछताछ में उसके आक्रामक व्यवहार और पारिवारिक विवादों की जानकारी मिली है।
पुलिस को उसकी नाबालिग गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट के मामले में केस दर्ज होने की जानकारी भी मिली है। इस मामले से जुड़े तथ्यों और उसके पुराने संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
दो दिन तक इस्तेमाल किया राकेश अग्रवाल का मोबाइल
हत्या के बाद वरुण राकेश अग्रवाल का मोबाइल अपने साथ ले गया था। क्राइम ब्रांच ने फोन बरामद कर लिया है। जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, वरुण ने दो दिन तक इसका इस्तेमाल किया।
अब पुलिस मोबाइल की सर्च हिस्ट्री, कॉल, मैसेज और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है। इन डिजिटल साक्ष्यों से आरोपी की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
आगरा-वृंदावन रोड पर मिली थी आखिरी लोकेशन
पुलिस ने वरुण की आखिरी लोकेशन आगरा-वृंदावन रोड पर ट्रेस की थी। इसके बाद से उसका कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है। पुलिस पंजाब में रहने वाली उसकी बहन, आगरा के दोस्तों और ग्वालियर में रहने वाले पिता से पूछताछ कर चुकी है।
सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच
एसआईटी सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की नए सिरे से पड़ताल कर रही है। टीम मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों, वरुण के संपर्कों और अलग-अलग शहरों में उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। हत्या के बाद से उसका पता नहीं चलना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।