माइक्रोसॉफ्ट ने करीब 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। कंपनी ने इसके बदले ग्रेड के मुताबिक एक साल तक की सैलरी एकमुश्त देने की बात कही है।
कंपनी AI की नई तकनीक और सिस्टम बनाने में हुए खर्च की भरपाई के लिए कर्मचारियों की संख्या कम करने जा रही है। कंपनी में कुल 2.23 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें 23 हजार भारत में हैं।
माइक्रोसॉफ्ट भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के लेवल 70 या उससे नीचे के पद पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए यह स्कीम लाई है। इनमें से कितनों को ऑफर मिलेगा, यह साफ नहीं है।
कंपनी ने कहा है कि एलिजिबल कर्मचारियों को अगले कुछ घंटे में ईमेल भेजा जाएगा। इस पर 1 दिसंबर तक फैसला करना होगा।
लेवल 70 से ऊपर सीनियर पद, उनकी छंटनी नहीं
माइक्रोसॉफ्ट में शुरुआती पद लेवल 59 से शुरू होते हैं और सीनियर पद लेवल 70 से ऊपर होते हैं। यह कंपनी के जूनियर, मिड-लेवल और सीनियर स्तर के कर्मचारियों का कैडर होता है।
इसमें सीनियर डायरेक्टर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सीनियर इंजीनियर, प्रोजेक्ट मैनेजर, टीम लीडर और मिड-लेवल मैनेजर्स शामिल होते हैं।
नौकरी छोड़ने पर क्या मिलेगा
बिजनेसस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक…
- लेवल 64 और उससे नीचे: हर 6 महीने के काम के बदले 1 हफ्ते की बेसिक सैलरी ज्यादा से ज्यादा 39 हफ्तों तक।
- लेवल 65 से 67 के कर्मचारी: हर 6 महीने के काम के बदले 2 हफ्ते की बेसिक सैलरी ज्यादा से ज्यादा 39 हफ्तों तक।
- लेवल 68 के कर्मचारी: पूरे 12 महीने की सैलरी का एकमुश्त पैकेज।
नौकरी छोड़ने पर पैसे के अलावा कंपनी क्या देगी…
सर्विस के सालों के हिसाब से लेवल 67 और उससे नीचे के लोगों को 6 से 12 महीने तक शेयर्स का फायदा मिलता रहेगा। नौकरी छोड़ने के बाद तय समय तक मेडिकल इंश्योरेंस भी मिलेगा।
वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर का क्या मतलब है?
जो लोग ऑफर नहीं लेंगे, वे अपनी मौजूदा भूमिकाओं में काम करते रहेंगे या कंपनी उन्हें कोई दूसरा प्रोजेक्ट/टीम असाइन कर सकती है।
यदि कंपनी वॉलेंटरी ऑफर से अपना खर्च घटाने का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाती है, तो आने वाले समय में वह जबरन छंटनी का कदम उठा सकती है। उस स्थिति में नौकरी जाने पर कर्मचारियों को वॉलेंटरी एग्जिट जितना बेहतर फाइनेंशियल पैकेज नहीं मिलता है।
CPO बोलीं- यह नया प्रयोग, इससे सीखेंगे
माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कहा कि वॉलंटरी एग्जिट ऑफर हमारे लिए एक नया अनुभव है और हम इससे बहुत कुछ सीखेंगे।
इसके साथ ही, हमारा ध्यान इस बात पर रहेगा कि लोग अपने सबसे जरूरी काम पर फोकस कर सकें, नई चीजें सीखें और जहां संभव हो, माइक्रोसॉफ्ट के अंदर ही नए मौकों की तलाश करें। हर टीम या हर कर्मचारी के लिए एक ही नियम लागू नहीं हो सकता।
ये कुछ ऐसे तरीके हैं जिनसे हम बिजनेस की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि हमारे अपने लोगों को आगे बढ़ने और योगदान देने का मौका मिलता रहे।
मेरा वादा है कि मैं आगे भी आपको हर बात साफ-साफ बताती रहूंगी, आपकी बात सुनूंगी और लगातार सुधार करती रहूंगी। आप हमारे ग्राहकों, माइक्रोसॉफ्ट और एक-दूसरे के लिए जो भी कर रहे हैं, उस सब के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद!
जुलाई में 4,800 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था
इससे पहले जुलाई में माइक्रोसॉफ्ट ने कहा था कि तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी के साथ तालमेल बिठाने और अपने सबसे जरूरी कामों पर जोर देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट दुनिया भर में अपने करीब 4,800 कर्मचारियों यानी कुल स्टाफ के 2.1% को निकाल रहा है।
कंपनी ने बताया था कि नौकरियों का नुकसान कम से कम हो, इसके लिए पिछले एक साल में 4,000 से ज्यादा लोगों को दूसरी टीमों में शिफ्ट किया गया है, वॉलेंटरी रिटायरमेंट का ऑप्शन दिया गया है और चार गेमिंग स्टूडियोज को नए मैनेजमेंट के हवाले किया जा रहा है।