खैरथल-तिजारा के सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टपूकड़ा की प्रिंसिपल नीलम यादव को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है।
नीलम यादव ने 1993 में वरिष्ठ अध्यापक के रूप में अपना करियर शुरू किया। वे 2004 से 2015 तक व्याख्याता रहीं। 2015 से वे टपूकड़ा स्कूल की प्राचार्या हैं। उनके नेतृत्व में स्कूल ने शैक्षिक और सह-शैक्षिक दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
प्रिंसिपल यादव ने शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए खुद कक्षाएं संभालीं। उन्होंने होंडा CSR की मदद से स्कूल में डिजिटल लैब और स्मार्ट कक्षाएं स्थापित कीं। इससे विद्यालय के संसाधनों में महत्वपूर्ण सुधार हुआ।
उनके मार्गदर्शन में स्कूल की छात्राओं ने शैक्षणिक क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही विभिन्न सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई। नीलम यादव की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।