दिवाली की रात कुएं में कूदे पति-पत्नी और बेटा:पिता-पुत्र की मौत, महिला को पुलिस ने बचाया; जमीनी विवाद में उठाया कदम

धौलपुर में जमीनी विवाद को लेकर पति-पत्नी और बेटा रविवार रात कुएं में कूद गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बचा लिया, लेकिन पिता-पुत्र की मौत हो गई।

कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पप्पू उर्फ सुरेश (60) पुत्र देवीराम, उनकी पत्नी सरोज (55) और उनके बेटे इंद्रेश (22) दिवाली की रात कुएं में कूद गए थे।

उन्होंने बताया- सुरेश का गंगाबाई बगीची मंदिर की जमीन को लेकर महंत और भू माफियाओं के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद चल रहा था।

साल 2019 में एसडीएम कोर्ट, राजस्व अपील प्राधिकारी और राजस्व बोर्ड अजमेर तक फैसला मंदिर ट्रस्ट के पक्ष में आया था।

बताया गया कि 31 अक्टूबर को फैसले की पालना में जमीन का नामांतरण दोबारा मंदिर के नाम किया गया था। इसी विवाद के चलते सुरेश मानसिक तनाव में था।

मंदिर ट्रस्ट की जमीन को अपना बता रहा परिवार सुरेश के बड़े बेटे राजेश ने बताया कि उनके खेत से लगी हुई मंदिर की जमीन है। इसके बाद मंदिर का ट्रस्ट उनकी जमीन के कुछ हिस्से को अपना बता रहा है। जिसको लेकर कोर्ट में अजमेर में भी केस चल रहा है।

10 दिन से परेशान थे पिता राजेश ने बताया कि पिछले 10 दिन से पिता परेशान चल रहे थे। दीपावली पर पिता घर के बाहर खेत में टहल थे। अचानक कुएं में कूद गए। पिता के साथ छोटा भाई इंद्रेश और मां भी कुएं में कूद गई।

मृतक की पत्नी का आरोप: जमीन विवाद में फंसाकर 40 लाख रुपए निर्माण में लगवाए सरोज ने मामले में आज थाने में शिकायत दी। बताया कि पति सुरेश उर्फ पप्पू की खातेदारी जमीन को हड़पने की नीयत से भू-माफिया और मंदिर के पुजारी ने मुकदमा शुरू कराया था।

2019 में राजस्व बोर्ड से फैसला होने के बाद पति हाईकोर्ट जयपुर में अपील करने गए थे। आरोप है कि महंत हनुमानदास सहित लोचन सिंह गुर्जर, सीपी पंडित, महेश गुप्ता और संजय पहलवान घर आए और हाईकोर्ट में अपील नहीं करने का दबाव बनाया। परिवाद के अनुसार आरोपियों ने पति से अपील के बजाय राजस्व बोर्ड में रिव्यू पेश करवाया और षड्यंत्रपूर्वक जमीन का बंटवारा भी करा दिया।

पत्नी का आरोप है कि करीब 10 महीने पहले आरोपियों ने पति को खेत में बच्चों के कारोबार के लिए निर्माण कराने की सलाह दी और उसकी करीब 40 लाख रुपए की जमा पूंजी निर्माण कार्य में लगवा दी।

सुरेश के 3 बेटी और 2 बेटे थे सुरेश खेती करता था, उनके 2 बेटे राजेश और इंद्रेश के साथ 3 बेटियां रीना, ज्योति और संजना है। जिनमें से रीना और राजेश की शादी हो चुकी है। राजेश ने बताया कि वह ग्वालियर में फैक्ट्री में काम करता है।