करनाल-डांड रोड स्थित बदरी एग्रो राइस मिल में दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा मारपीट में बदल गया। इस दौरान मिल में काम करने वाले ठेकेदार राधेश्याम की मौत हो गई।
आरोप है कि झगड़े के दौरान फोरमैन रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार किया। मारपीट में अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप भी लगाया गया है।
सूचना मिलने पर तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बॉयलर और मिलिंग प्लांट पर काम करती हैं दोनों लेबर
गांव सांभली निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बदरी एग्रो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, बीड़ डिडांरी स्थित राइस मिल में सिक्योरिटी गार्ड है। 8 नवंबर को उसकी ड्यूटी शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक थी। रात करीब 9 बजे उसे मिल में काम करने वाले दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली।
शिकायत के अनुसार, एक पक्ष की लेबर बॉयलर पर काम करती है, जिसका फोरमैन रामभरोसे है। दूसरी तरफ मिलिंग प्लांट पर काम करने वाली लेबर का ठेकेदार राधेश्याम है। दोनों पक्षों के बीच दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
फोरमैन पर सिर में कस्सी मारने का आरोप
सिक्योरिटी गार्ड अजय कुमार के अनुसार, रामभरोसे की लेबर की तरफ से अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू और अन्य लोग शामिल थे। वहीं, राधेश्याम की लेबर से हरिमोहन, विजय बहादुर, नितिश व अन्य कर्मचारी थे।
अजय ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो राधेश्याम की मौत हो चुकी थी। मौके पर पूछताछ में उसे पता चला कि रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर में कस्सी से वार किया था। अखिलेश और अन्य लोगों पर भी राधेश्याम के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
रात को ही पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत के आधार पर रात करीब ढाई बजे तरावड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस राधेश्याम की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।