लाइफ टाइम हाई के करीब बाजार:सेंसेक्स करीब 1000 अंक चढ़कर 61,500 के पार पहुंचा; इंफोसिस 4% और नायका 15% चढ़ा

ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव संकेतों के बाद भारतीय शेयर बाजार में भी तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 1000 अंक चढ़कर 61,500 के पार कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 250 पॉइंट से ज्यादा की तेजी है। ये 18,250 के पार पहुंच गया है। सेंसेक्स पर सभी 30 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा तेजी IT स्टॉक्स में दिख रही है।

इंफोसिस 4% से ऊपर कारोबार कर रहा है। टीसीएस, एचसीएल टेक, विप्रो, टेक महिंद्रा में 3% से ज्यादा की तेजी है। वहीं फूड एग्रीगेटर जोमैटो के सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजे आने के बाद इसके शेयर में 10% की तेजी दिखाई दे रही है। नायका के शेयर में भी 15% से ज्यादा की तेजी है। ये 25 रुपए से ज्यादा बढ़कर 215 रुपए के पार पहुंच गया है।

लाइफ टाइम हाई के करीब बाजार
इस तेजी से बाजार लाइफ टाइम हाई के करीब पहुंच गया है। सेंसेक्स का ऑल टाइम हाई 62245.43 है जो उसने अक्टूबर 2021 को बनाया था। वहीं बैंक निफ्टी ने 42,236 का नया लाइफ टाइम हाई बनाया है। 18 अक्टूबर 2021 को बेंचमार्क निफ्टी 50 इंडेक्स 18,477 पर बंद हुआ था। ये उसका ऑलटाइम हाई है। अगर बाजार में ऐसी ही रैली जारी रही तो इस हफ्ते बाजार नए रिकॉर्ड बना सकते हैं।

अमेरिकी बाजार में 2.5 सालों की सबसे बड़ी तेजी
अमेरिका में अक्टूबर में महंगाई दर कम होकर 7.7% पर पहुंच गई है। ये 9 महीने का निचला स्तर है। महंगाई के कम होने का असर अमेरिकी बाजार पर दिखा और 2.5 साल बाद मार्केट में सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली। गुरुवार को डॉउ जोन्स 1,201.43 अंक या 4% की तेजी के साथ 33,715.40 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 भी 5% तेजी के साथ 3,956.37 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 760 अंक या 7.35% चढ़कर 11,114.20 पर बंद हुआ।

गुरुवार को सेंसेक्स 420 अंक टूटा था
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन, यानी गुरुवार (10 नवंबर) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 420 अंकों की गिरावट के साथ 60,613 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 128 अंक गिरकर 18,028 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं सिर्फ 6 शेयरों में तेजी रही।