गाजियाबाद में मंकीपॉक्स के दो संदिग्ध मरीज मिले:दो महीने पहले पेरिस से लौटा था एक मरीज, जांच को पुणे भेजे सैंपल

दिल्ली से सटे जिला गाजियाबाद में मंकीपॉक्स के दो संदिग्ध केस मिले हैं। एक मरीज दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में भर्ती हुआ है तो दूसरा मरीज गाजियाबाद के MMG हॉस्पिटल में पहुंचा है। दोनों के सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे की NIV लैब में भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक दोनों संदिग्ध मरीज डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।

पूरे शरीर पर लाल रंग के दाने
गाजियाबाद के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर RK गुप्ता ने बताया, 28 वर्षीय युवक अर्थला का रहने वाला है और साहिबाबाद क्षेत्र की एक कंपनी में जॉब करता है। मंगलवार को वह MMG हॉस्पिटल की ओपीडी में आया। उसके शरीर पर कई जगह लाल रंग के दाने थे, जैसे मंकीपॉक्स में होते हैं। इसे मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज मानते हुए सैंपल लिया गया है। इस सैंपल को जांच के लिए पुणे की नेशनल वायरोलॉजी संस्थान (NIV) स्थित लैब में भेजा गया है।

लोकनायक में डॉक्टरों की निगरानी में मरीज
गाजियाबाद का दूसरा संदिग्ध मरीज दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में मंगलवार को भर्ती हुआ है। यह मरीज अस्पताल की इमरजेंसी में बुखार और त्वचा पर दानों के लक्षण के साथ आया था। फिलहाल इसको आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और डॉक्टरों की निगरानी में है। प्राथमिक जानकारी यह भी सामने आई है कि उक्त संदिग्ध मरीज 20 दिन पहले ही मुंबई से लौटा है। ये दो महीने पहले पेरिस भी गया था।

नोएडा में मंकीपॉक्स का वार्ड बनाया
नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में मंकीपॉक्स को लेकर कंट्रोल रूम बना दिया गया है। यहां के नोडल अधिकारी डॉक्टर जीके मिश्रा से 9675322617 और सहायक दिनेश गौड़ से 9899965203 से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड भी बना दिया गया है, ताकि मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों को इस वार्ड में रखा जा सके।