कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु:पटना की सड़कों 3 किमी तक लगा जाम, ट्रैफिक में फंसी है स्कूल बस

पटना में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा है। श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-पाठ कर रहे हैं। घाटों पर भीड़ उमड़ी हुई है तो दूसरी तरफ पटना की सड़कों पर जाम लगा है।

पटना के दीघा AIIMS, पाटिल पथ रोड पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। करीब साढ़े 3 किमी तक लोग फंसे हुए हैं। जाम में स्कूल बस भी फंसी हुई है। इसके अलावा अटल पथ, घुड़दौड़ रोड, दीघा चौक पर लगा भीषण जाम है।

पटना नगर निगम ने करीब 30 घाटों पर तैयारियों कर रखी हैं। जिसमें बांकीपुर अंचल में 12, पाटलिपुत्र अंचल में 8, पटना सिटी अंचल में 3, अजीमाबाद अंचल में 7 और नूतन राजधानी अंचल में 1 घाट शामिल है। तीन लेयर में बैरिकेडिंग की गई है। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से पूरे वर्ष गंगा स्नान करने का फल मिलता है।

दानापुर के घाट पर ‘हर-हर गंगे’ के लगे जयकारे

वहीं, पटना के दानापुर में भी आज कार्तिक पूर्णिमा को लेकर गंगा तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे हैं। दानापुर के नासरीगंज स्थित फक्कड़ महतो घाट पर ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों के साथ भक्तों ने गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया है।

इसी तरह का नजारा दानापुर के नारियल घाट, गुरुद्वारा घाट, शाहपुर घाट सहित अन्य घाटों को देखा जा रहा है। मान्यता है कि आज के दिन गंगा स्नान करने से सभी पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

गंगा घाट जाने वाले रास्ते पर लगा जाम

दानापुर के मिथिला कॉलनी के पास फक्कड़ महतो घाट पर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करने लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे है, जिसको लेकर दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, गाड़ियां रेंगते हुए आगे बढ़ रही थी। जिसके बाद भारी संख्या में स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मोर्चा संभालते हुए जाम छुड़ाने की कोशिश में जुट गए।

दीघा आशियाना रोड में लगा भीषण जाम, ट्रैफिक का एक भी जवान मौजूद नहीं, कई km तक गाड़ियों की लंबी कतारों से लोग परेशान हैं।

पटना-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे पर भी जाम

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर फतुहा के गंगा घाट (त्रिवेणी संगम, मस्ताना घाट) पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ​पटना-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे (SH-106) पर रायपुरा से मौजीपुर तक लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।

इसके अलावा, फतुहा चौराहा पर सबसे भीषण जाम की स्थिति है, जिससे स्टेशन रोड और गंगा घाट की ओर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। यातायात को सामान्य बनाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल कड़ी मशक्कत कर रहा है।

गंगा स्नान और दान-पुण्य होगा मंगलकारी

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर आज श्रीहरि विष्णु की अपार कृपा बरसेगी। आज गंगा स्नान करने से जातक के समस्त पापों का नाश और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होगी। कार्तिक पूर्णिमा पर ही प्रभु नारायण ने अपना पहला मत्स्य अवतार लिया था।

पूर्णिमा को भगवान विष्णु के पास अखंड दीप दान करने से दिव्य कान्ति की प्राप्ति और धन, यश, कीर्ति का लाभ भी मिलेगा। आज गंगा स्नान के बाद दीप-दान करना दस यज्ञों के समान होता है। आज पूर्णिमा में अन्न, धन, वस्त्र, ऋतुफल, घी, मिष्ठान्न, पादुका आदि दान करने से कई गुना पुण्यफल मिलेगा।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान से होती विशेष पुण्य की प्राप्ति

राकेश झा ने कहा कि साल के 12 मासों में कार्तिक मास आध्यात्मिक और शारीरिक ऊर्जा संचय के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इस दिन गंगा सहित पवित्र नदियों और तीर्थों में स्नान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और पापों का नाश होता है।

घर पर स्नान करने वाले जातक पानी में गंगाजल और हाथ में कुश लेकर स्नान करे उससे भी गंगा स्नान का ही फल मिलता है। इस पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान, दीप-दान, हवन, जाप आदि करने से सांसारिक पाप और ताप दोनों का नाश होता है।

कार्तिक पूर्णिमा पर बरसेगी श्रीहरि की कृपा

ज्योतिषी झा के मुताबिक कार्तिक महीना भगवान कार्तिकेय द्वारा की गई साधना का माह माना गया है। इसी कारण इसका नाम कार्तिक महीना पड़ा हैं। नारद पुराण के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर संपूर्ण सद्गुणों की प्राप्ति और शत्रुओं पर विजय पाने के लिए कार्तिकेय जी के दर्शन करने का विधान है।

पूर्णिमा को स्नान अर्घ्य, तर्पण, जप-तप, पूजन, कीर्तन एवं दान-पुण्य करने से स्वयं भगवान विष्णु पापों से मुक्त करके जीव को शुद्ध कर देते हैं।

E-Paper 2025