न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें वे सड़क किनारे दिए एक इंटरव्यू के दौरान जेब से रजनीगंधा सिल्वर पर्ल्स निकालकर खाने लगते हैं। उनका यह देसी अंदाज भारतीय यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है।
यह वीडियो कंटेंट क्रिएटर निकोलस नूवन ने ब्रुकलिन में शूट किया। वीडियो में ममदानी एक काले रंग की SUV से उतरते हैं। नूवन उनसे पूछते हैं, “क्या आपने कुछ खा लिया?”
इस पर ममदानी मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “हां, मैंने खाना खा लिया है।”
इसके कुछ ही सेकंड बाद वे अपनी जेब से रजनीगंधा सिल्वर पर्ल्स का पैकेट निकालते हैं और कहते हैं, “मैं हाल ही में ये काफी खाने लगा हूं… ये एक तरह से मिंट जैसा है।”
इसके बाद वे नूवन को भी रजनीगंधा ऑफर करते हैं। नूवन स्वाद चखकर कहते हैं, “वाह, ये तो काफी टेस्टी है… जैसे खाने वाला परफ्यूम।” ममदानी मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “परफ्यूम जो खाया जा सकता है।”
सोशल मीडिया यूजर्स बोले- अब असली इंडियन लग रहे हो
वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। भारतीय यूजर्स ने इस पर मजेदार कमेंट्स किए हैं। लोगों ने कहा कि अब असली इंडियन लग रहे हो।
एक यूजर ने लिखा, “जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि रजनीगंधा न्यूयॉर्क तक पहुंच जाएगा।” दूसरे ने लिखा, “यकीन नहीं होता कि उन्होंने रजनीगंधा खा लिया! (साउथ एशियाई लोग समझ जाएंगे)”
भारतीय मूल के डेमोक्रेट उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने बुधवार को न्यूयॉर्क मेयर के चुनाव में जीत हासिल की। उन्हें 50.4% वोट मिले। वे मानसून वेडिंग और सलाम बॉम्बे जैसी फिल्में डायरेक्ट करने वाली मीरा नायर के बेटे हैं।
ममदानी पिछले 100 सालों में न्यूयॉर्क के सबसे युवा, पहले भारतवंशी और पहले मुस्लिम मेयर होंगे। अपनी विक्ट्री स्पीच में उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 15 अगस्त, 1947 की आधी रात को दिए गए ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ का जिक्र किया।
मां मीरा नायर ने मंच पर आकर उन्हें गले लगा लिया। पिता महमूद ममदानी भी मौजूद रहे।
ममदानी की स्पीच के चला धूम मचाले सॉन्ग
न्यूयॉर्क मेयर चुनाव जीतने के बाद ममदानी का जश्न बॉलीवुड अंदाज में देखने को मिला। उनकी जीत के कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्म धूम का मशहूर गाना ‘धूम मचाले’ बजाया गया।
ममदानी का भाषण खत्म होते ही यह गाना बैकग्राउंड में बजने लगा। स्टेज पर जोहरान के साथ उनकी पत्नी रमा दुबाज्जी और मां मीरा नायर भी मौजूद थीं। गाने के दौरान ममदानी काफी खुश नजर आए और समर्थकों ने भी जमकर तालियां और शोर के साथ उनका स्वागत किया।