दिल्ली में लाल किले के पास कार धमाका करने वाले आतंकी डॉ. उमर उन नबी की दूसरी कार गुरुवार को भी हरियाणा के खंडावली गांव के पास खड़ी है। करीब 15 घंटे की टाइट सिक्योरिटी के बाद लाल रंग की इको स्पोर्ट्स कार का एक और वीडियो सामने आया है।
गाड़ी लगातार दूसरे दिन वहीं खड़ी है, जहां पर उसे पहली बार देखा गया था। दिल्ली से पहुंची NIA और NSG की टीमें बुधवार शाम से कार की जांच कर रही हैं। कार के आसपास सभी घरों को खाली करवा दिया गया है। मौके पर बम स्क्वायड और खोजी कुत्ते भी बुलाए गए है।
लाल रंग की DL10CK-0458 नंबर वाली यह कार दिल्ली ब्लास्ट में मारे गए आतंकी डॉ. उमर उन नबी के नाम पर रजिस्टर्ड है। जांच में सामने आया कि आतंकियों के पास लाल रंग की एक और कार भी थी, जिसके बाद हरियाणा और यूपी में अलर्ट जारी किया गया था।
अधिकारियों को बुधवार को पता चला कि हरियाणा के खंडावली गांव के पास लाल रंग की एक लावारिस कार खड़ी है। ग्रामीणों के अनुसार, यह कार मंगलवार शाम से यहां खड़ी थी। गांव से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस को कार में विस्फोटक होने का शक है।
पुलिस को अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एक और डॉक्टर की तलाश
दिल्ली पुलिस को फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एक और डॉक्टर निसार उल हसन की भी तलाश है। वह दिल्ली ब्लास्ट के बाद से ही फरार है। कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के चलते उसे वहां के एक अस्पताल से निकाल दिया गया था। सूत्रों के अनुसार, निसार अल हसन की बेटी अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ती है। जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
दिल्ली ब्लास्ट और अल-फलाह यूनिवर्सिटी के तार आपस में जुड़े हैं, क्योंकि यहां के डॉक्टर मुजम्मिल शकील और कर्मचारी महिला डॉक्टर शाहीन सईद को विस्फोटक जमा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमर नबी ने 10 नवंबर की शाम को दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास i20 कार में विस्फोटक के साथ खुद को उड़ा लिया था। इसके बाद यूनिवर्सिटी के कई डॉक्टरों और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।