कोटा की बेटी अरुंधति वर्ल्ड कप फाइनल में:3 बार की विश्व चैंपियन को नॉकआउट किया; 20 नवंबर को उज्बेकिस्तान की अजीजा से मुकाबला

कोटा की महिला मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने ग्रेटर नोएडा में चल रहे बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। अब विश्व चैंपियन बनने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। खास बात यह है कि अरुंधति ने पूर्व विश्व चैंपियंस को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।

कोटा में ट्रेनिंग देने वाले कोच अशोक गौतम ने बताया- 70 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में कोटा की अरुंधति चौधरी ने जर्मनी की 3 बार की विश्व चैंपियन लियोनी आयशा मुलेर को टेक्निकली नॉकआउट करते हुए 3-0 से हराकर दबदबा दिखाया।

मुकाबला ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया, जहां अरुंधति के दमदार पंच के आगे मुलेर टिक नहीं सकीं। सेमीफाइनल जीत के साथ ही अरुंधति का वर्ल्ड कप में पदक पक्का हो गया।

अरुंधति की शानदार फॉर्म को देखते हुए कोच गौतम ने विश्वास जताया कि फाइनल में उनका मुकाबला उज्बेकिस्तान की मजबूत खिलाड़ी अजीजा जोकीरोवा से 20 नवंबर को होगा। कोटा के खेल प्रेमियों को अरुंधति से स्वर्ण पदक की उम्मीद है। इससे पहले अरुंधति सात अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। अब सभी की नजरें 20 नवंबर को होने वाले निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहाँ अरुंधति इतिहास रचने के लिए तैयार हैं।

E-Paper 2025