बेटी ने मां-बाप पर शादी से पहले FIR कराई:गुरुग्राम में BJP पार्षद की लड़की बोली- मुझे बंधक बनाकर रखा; मेल से CM को भेजी शिकायत

हरियाणा के गुरुग्राम में शादी से एक दिन पहले बीजेपी पार्षद की बेटी ने अपने मां-बाप के खिलाफ एफआईआर करा दी। लड़की ने शादी करने से भी इनकार कर दिया। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पसंद के लड़के से शादी करनी थी, लेकिन परिवार ने उसे बंधक बना लिया।

परिवार ने उसका मोबाइल भी छीन लिया, इसके बाद उसने पुलिस को ई-मेल भेजकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस के साथ हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और महिला आयोग को भी मेल की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शादी के एक दिन पहले उसके घर से लड़की को रेस्क्यू कर लिया। लड़की ने आरोप लगाया कि उसे पिछले कई दिनों से घर में कैद करके रखा गया था। आज यानी 4 दिसंबर को एक युवक से जबरदस्ती शादी कराने की तैयारी की जा रही थी।

सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला…

  • आज होनी थी लड़की की शादी: गुरुग्राम के सेक्टर-9 के रहने वाले बीजेपी पार्षद नरेश कटारिया की बेटी कटारिया की शादी आज (4 दिसंबर) को दौलताबाद के रहने वाले एक लड़के के साथ होनी थी। लेकिन शादी से एक दिन पहले ही लड़की ने सेक्टर-9 पुलिस और महिला आयोग को ई-मेल भेजकर घर में बंधक बनाने की शिकायत दर्ज करा दी।
  • पुलिस ने लड़की को रेस्क्यू किया: ई-मेल मिलते ही बुधवार को पुलिस लड़की के घर पहुंच गई। पूछताछ के बाद उसे सेफ हाउस भिजवा दिया। उसके बाद लड़की का परीक्षण कराकर आगे की कार्रवाई की गई। अब उसे सेफ हाउस जाने के बाद शादी टलने की भी चर्चा होने लगी है।
  • माता-पिता कमरे में बंद रखते थे: लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने मां-बाप को शादी करने से इनकार कर दिया, मगर फिर भी जबरन उसकी शादी फिक्स कर दी गई। उसने इससे मना किया तो उसे कमरे में बंद कर दिया। उसका मोबाइल भी छीन लिया।

अब पढ़िए, लड़की ने कौन सी 3 बातें बताई…

  1. मर्जी के खिलाफ कराई जा रही शादी: लड़की ने आरोप लगाया कि घरवालों ने उससे उसका मोबाइल भी छीन लिया, इसके बाद किसी तरह महिला आयोग और पुलिस को ई-मेल पर शिकायत भेजी। उसने अपनी शिकायत में कहा कि मैंने MBA, B.Ed और M.Ed की पढ़ाई की है। मेरी शादी मेरी मर्जी के खिलाफ कराई जा रही है।
  2. 15 साल से दोस्त से प्रेम करती हूं: लड़की ने आगे कहा कि मैं पिछले 15 साल से अपने दोस्त से प्रेम करती हूं। उससे शादी करना चाहती हूं। मेरे माता-पिता कमरे में बंद करके रखते हैं, बाहर नहीं निकलने देते। मुझे अपने घरवालों से जान का खतरा है।
  3. अपनी मर्जी से बयान दे रही हूं: लड़की ने आगे कहा कि मैंने महिला आयोग को शिकायत भेजी थी, जिसके बाद पुलिस मुझे घर से ले गई है। मुझे सेफ हाउस में रखा जाए। मैं अपने मम्मी-पापा के खिलाफ कार्रवाई चाहती हूं। यह बयान अपनी मर्जी से लीगल एडवाइजर के सामने लिखकर दे रही हूं।

उच्च अधिकारियों को भेजी ई मेल

लड़की ने अपनी मेल हरियाणा के मुख्यमंत्री सहित कई उच्चाधिकारियों तक भेजी। इसमें पुलिस कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और महिला आयोग को शिकायत भेजी गई। शिकायत मिलते ही सेक्टर-9 पुलिस ने लड़की को घर से निकालकर सेफ हाउस भिजवा दिया।

ASI बोली- माता पिता के खिलाफ केस दर्ज किया जांच अधिकारी एएसआई पिंकी ने बताया कि शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली गई। उसके माता-पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(4) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। ये धाराएं गैरकानूनी तरीके से किसी को कैद रखने और आपराधिक धमकी से संबंधित हैं। मामले में पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि बेटी को किसी ने गुमराह किया है।

E-Paper 2025