बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के नागा खाली गांव में बुधवार रात को जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। छोटे भाई और कुछ ग्रामीणों पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर बड़े भाई के परिवार पर तलवारों से जानलेवा हमला किया। घटना में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आधी रात को एंबुलेंस से MGH रेफर
हमले के तुरंत बाद परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और चारों घायलों (कांजी पुत्र रामा, सावरीया पुत्र कांजी, बलदेव पुत्र कांजी, रीना पत्नी बलदेव) को पहले छोटी सरवन अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रात करीब 12 बजे उन्हें बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल (MGH) रेफर कर दिया।
MGH में चारों घायलों का इलाज जारी
एमजी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरी चोटें हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया है। उनकी स्थिति लगातार डॉक्टरों की निगरानी में है।
कई सालों से चल रहा है जमीन विवाद
परिजनों ने बताया कि जमीन को लेकर परिवार में पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। बुधवार रात विवाद अचानक बढ़ा और छोटे भाई ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़े भाई कांजी और उसके परिवार पर हमला कर दिया।
हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।