हरियाणा के फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय महिला के साथ इको वैन में गैंगरेप किया गया। 2 युवक, महिला को करीब 3 घंटे तक शहर की सड़कों पर लेकर घुमाते रहे। इसके बाद उसे चलती गाड़ी से बाहर सड़क पर फेंक दिया और भाग गए। इसमें महिला के चेहरे और सिर पर चोटें लगी हैं। महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज के दौरान उसके चेहरे पर 12 टांके आए हैं।
थाना कोतवाली पुलिस ने बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर दो आरोपियों को राउंडअप कर लिया है। पीड़ित महिला शादीशुदा है उसके तीन बच्चे भी हैं। लेकिन विवाद के चलते हैं वह अपने पति से अलग रहती है। बहन का कहना है युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने महिला को गाड़ी में बैठाया था। इसके बाद उसके साथ गाड़ी में रेप किया।
पीड़िता की बहन ने बताई वारदात…
- दोस्त के घर जाने की कहकर गई: मामला फरीदाबाद के कल्याणपुरी इलाके का है। पीड़िता की बहन ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे उनकी छोटी बहन का फोन आया। उसने बताया था कि उसकी घर में मां से कहासुनी हो गई है। इसलिए, वह दोस्त के घर जा रही है। दो-तीन घंटे में लौट आएगी।
- घर आने के लिए दो युवकों से लिफ्ट ली: बहन का कहना है कि दोस्त के घर से निकलने में महिला को देर हो गई। जब वह रात करीब 12 बजे दो नंबर चौक से कल्याणपुरी 3 नंबर चौक तक जाने के लिए सवारी ढूंढ रही थी, तब उसने वैन से लिफ्ट ली। उसमें 2 युवक सवार थे।
- 3 घंटे तक वैन में लेकर घुमाते रहे युवक: पीड़ित की बहन का आरोप है कि दोनों युवक उसे कल्याणपुरी चौक के बजाय गुरुग्राम रोड की ओर ले गए। वे गुरुग्राम हनुमान मंदिर से भी आगे ले जाकर उसे 3 घंटे तक सड़क पर वैन में कैद कर घूमते रहे। इस दौरान उसके साथ रेप किया। उसने विरोध भी किया, लेकिन गाड़ी से बाहर आवाज नहीं निकल पाई और रोड भी सुनसान पड़ा था, जिससे सुनने वाला कोई नहीं था।
- आरोपियों ने सड़क पर फेंका: पीड़िता की बहन ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 3 बजे आरोपियों ने SGM नगर के राजा चौक स्थित मुल्ला होटल के पास महिला को चलती वैन से फेंक दिया और भाग गए। सड़क पर गिरने से महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उसके खून बह रहा था। उसके चेहरे पर 10 से 12 टांके आए हैं।
- न पर घटना की जानकारी दी: बहन ने बताया- सुबह करीब 3:30 बजे मेरी छोटी बहन ने मुझे करीब 10 से 12 बार फोन किया। मैंने फोन देखने के बाद जब बहन को कॉल वापस की तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी। मैं उसे लेने मौके पर पहुंची तो देखा कि वह खून से लथपथ थी, कपड़े फटे हुए थे और वह बुरी तरह रो रही थी।
- निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती: पीड़िता की बहन बोली- मैं उसे सिविल अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार हुआ। बाद में हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे दिल्ली रेफर किया, लेकिन मैंने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कराया है।
- 3 बच्चों की मां, निजी कंपनी में जॉब करती है: पीड़िता की बहन ने कहा कि उनकी बहन ने खुद बताया है कि लिफ्ट देने वाले युवकों ने उसके साथ रेप किया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है, लेकिन वह मानसिक रूप से सदमे में है। वह शादीशुदा है, लेकिन पति से अलग होकर मां के पास रहती है। उसके 3 बच्चे हैं। वह एक निजी कंपनी में जॉब करती है।
पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
थाना कोतवाली पुलिस ने बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में दो आरोपियों को को हिरासत में लिया है। थाना इंचार्ज श्री भगवान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं, वारदात में प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।