मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक फरवरी का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकता है। IMD डायरेक्टर ने बताया कि फरवरी में रातें कम ठंडी और दिन ज्यादा गर्म हो सकते हैं। इसका कारण ला-नीना का कमजोर होना बताया जा रहा है।
हालांकि देश के उत्तरी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इसके असर से अगले 2 दिन उत्तर-पश्चिम भारत और हिमालय क्षेत्र में तेज बारिश और बर्फबारी होगी। रविवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, हिमाचल, हरियाणा में बारिश हो रही है।
इन राज्यों के कई जिलों में ओले भी गिरे हैं। इन राज्यों में घना कोहरा भी छाया है। सुबह 9 बजे तक वाराणसी, प्रयागराज, कुशीनगर और कानपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही।
इस दौरान राजस्थान और यूपी में कई सड़क दुर्घटनाएं भी हुईं हैं। वहीं रविवार सुबह देश के 5 राज्यों यूपी, पंजाब, मेघालय, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कुल 11 जिलों में तापमान 5 से 8 डिग्री के बीच रहा। इनमें अमृतसर सबसे ठंडा था, यहां पारा 5.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा-पहलगाम में माइनस 1.4 डिग्री और कुकेरनाग में जीरो डिग्री तापमान रहा। हिमाचल के काल्पा में माइनस 0.4 डिग्री तापमान रहा।
पंजाब में इस बार जनवरी का महीना पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। राज्य में जनवरी में 18 दिन लगातार कोहरा छाया रहा, जिससे मौसम बदलता रहा।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल…
- हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है। IMD ने सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 10.2 और कुकुमसैरी में माइनस 6.3 डिग्री दर्ज किया गया।
- जम्मू-कश्मीर में सर्दी धीरे-धीरे कम हो रही है। चिल्लई खुर्द शुरू होने से श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.1 डिग्री दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
- दिल्ली में ठंड कम हो रही है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। राजधानी में सुबह AQI 278 दर्ज किया गया है।
- हरियाणा के कई जिलो में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पानीपत, सोनीपत, करनाल समेत जीटी रोड बेल्ट में जीरो विजिबिलिटी रही। वहीं खेतों में सुबह पाला भी दिखाई दिया। इससे प्रदेश भर में हल्की ठंड बनी हुई है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल…
2 फरवरी: दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात में बारिश की संभावना है। हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी हो सकती है। बिहार, झारखंड में कोहरा रह सकता है। असम, मेघालय में भी बारिश की संभावना है।
3 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में 3 फरवरी को ऊंचे क्षेत्रों में ही बारिश-बर्फबारी की संभावना है। उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है।