पंजाब में आज मौसम पूरी तरह सामान्य बना हुआ है और किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन कल यानी मंगलवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। बीते दिनों मानसून कमजोर रहा, जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, हालांकि तापमान अब भी सामान्य के करीब बना हुआ है।
सबसे ज्यादा तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस नंगल के भाखड़ा डैम स्टेशन पर रिकॉर्ड किया गया, जबकि अमृतसर में 34.5°C और पटियाला में 34.8°C तापमान दर्ज हुआ।
बारिश की बात करें तो पटियाला, पठानकोट और मोहाली में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस बीच भाखड़ा बांध प्रबंधन बोर्ड ने फ्लड गेट खोले जाने को लेकर चेतावनी जारी की है, जिससे आसपास के इलाकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भाखड़ा डैम के फ्लड गेट खोले जा सकते हैं
बीबीएमबी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण भाखड़ा डैम के फ्लड गेट खोले जा सकते हैं। प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि फ्लड गेट खोले जाते हैं तो इसका सीधा असर पंजाब के 6 जिलों- होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, रोपड़, नवांशहर और फिरोजपुर पर पड़ सकता है। इन इलाकों के लोगों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
भाखड़ा में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। 1 अगस्त को भाखड़ा में 1623.47 फीट दर्ज किया गया। जबकि बीते साल यह लेवल 1608.6 फीट था।
पौंग डैम में बढ़ रहा जलस्तर
पौंग डैम में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। पौंग डैम का पूर्ण जलभराव 1400 फीट का है। 24 घंटों में यहां 4.19 फीट की बढ़ौतरी देखने को मिली। 3 अगस्त की सुबह यहां वाटर लैवल 1365.26 फीट दर्ज किया गया। जिसके चलते यहां से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है।
आगामी 5 दिनों का वर्षा पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है:
- 4 अगस्त: होशियारपुर और गुरदासपुर में अधिक बारिश की संभावना है, जबकि भठिंडा, मानसा और फाजिल्का जैसे क्षेत्र शुष्क रहेंगे।
- 5 अगस्त: बारिश का दायरा बढ़ सकता है। पठानकोट, होशियारपुर व रूपनगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि जालंधर, कपूरथला, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, नवांशहर आदि में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
- 6-8 अगस्त: बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। हल्की बारिश कुछ जिलों में देखने को मिलेगी।
- 9 अगस्त: राज्य में एक बार फिर यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में बारिश देखने को मिलेगी।
पंजाब के प्रमुख शहरों का मौसम
अमृतसर- हल्के बादल छाएंगे, बारिश की भी संभावना है। तापमान 26 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है।
जालंधर- हल्के बादल छाएंगे, बारिश की भी संभावना है। तापमान 26 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है।
लुधियाना- हल्के बादल छाएंगे, बारिश की भी संभावना है। तापमान 26 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है।
पटियाला- हल्के बादल छाएंगे, बारिश की भी संभावना है। तापमान 26 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है।
मोहाली- हल्के बादल छाएंगे, बारिश की भी संभावना है। तापमान 24 से 32 डिग्री के बीच रह सकता है।