Delhi Metro News: घर से निकलने से पहले पढ़ें यह न्यूज, मेट्रो स्टेशन पर 1 घंटा 20 मिनट हुआ प्रतीक्षा समय

Delhi Metro News:  कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आने और अनलॉक के चौथे चरण की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में कारोबार और व्यापार ने रफ्तार पकड़ ली है। सुबह से शाम तक दिल्ली के बाजारों, मार्केट, दफ्तरों के साथ अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। वहीं, राजधानी दिल्ली में अनलॉक होने के बाद से दिल्ली मेट्रो में लगातार यात्रियों का दबाव बढ़ रहा है। मेट्रो स्टेशनों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। इस कारण से कई इंटरचेंज स्टेशनों पर औसतन प्रतीक्षा समय बढ़ रहा है। खासकर पीक आवर यानी सुबह और शाम लोगों को बहुत दिक्कत आ रही है। कई बार तो मेट्रो स्टेशनों को भी बंद करना पड़ जाता है। बुधवार को राजधानी दिल्ली के भीड़-भाड़ वाले मेट्रो स्टेशनों में शामिल राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर व्यस्ततम समय में यात्रियों के लिए औसतन प्रतीक्षा समय एक घंटा 20 मिनट रहा।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। ट्वीट में यह भी कहा गया है कि भीड़ कम होने पर प्रतीक्षा समय में बदलाव होने पर यात्रियों को जानकारी दी जाएगी। इसका मकसद कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में लोगों की यात्रा आसान और सुरक्षित बनाना है। लोग भी मान रहे हैं कि दिल्ली मेट्रोे के ट्वीट से लोगों को काफी मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि कोरोना संकट के कारण इस समय दिल्ली मेट्रो यात्रियों की आधी क्षमता के साथ ही चल रही है। मेट्रो में यात्रियों को एक सीट छोड़कर ही बैठने की अनुमति है। साथ ही खड़े होकर यात्र करना भी मना है।

अगर कोई यात्री खड़े होकर यात्र करता हुआ पाया जाता है तो उसे उतार दिया जाता है या फिर उसका चालान किया जाता है। इसके अलावा मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की जांच व सैनिटाइजेशन करके ही प्रवेश दिया जा रहा है। एक-एक यात्री को ही प्रवेश मिल रहा है।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ जंग में दिल्ली मेट्रो रेल निगम फिलहाल दिल्ली सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए सिर्फ 50 फीसद यात्री क्षमता के साथ दिल्ली मेट्रो का परिचालन कर रहा है। इस दौरान ज्यादा भीड़ होने पर मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करवा दिए जाते हैं। इसी के साथ शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने और मास्क नहीं लगाने वालों को 200 रुपये फाइन किया जा रहा है।