दिल्ली के पूर्व सीएम और AAP के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के तौर पर 2026 पूरा नहीं कर पाएंगे। मेरा दिल और राजनीतिक समझ कहती है कि मोदी और अमित शाह जाने वाले है। केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी की पॉपुलैरिटी आज पाताल लोक पहुंच चुकी है। उनका साम्राज्य जाने वाला है।
केजरीवाल ने यह बात शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत की किताब लॉन्च के दौरान दिल्ली में कही। इस दौरान दिग्विजय सिंह, कपिल सिब्बल और संजय सिंह समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे।
केजरीवाल बोले- अब मोदी को कमेंट्स में सिर्फ गालियां मिलती हैं
केजरीवाल ने कहा कि एक समय ऐसा होता था जब एक भी नेगेटिव कमेंट आता था तो इनकी पूरी मशीनरी मिलकर उसको डिलीट या म्यूट कर देती थी। लेकिन अब तो मोदी जी एक पोस्ट करते हैं तो नीचे (कमेंट बॉक्स) में सिर्फ गालियां मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि पहले जब मोदी जी के खिलाफ कोई मीम बना देता था तो उसको जेल हो जाती थी। लेकिन अब इतने मीम बन रहे हैं कि किस-किस को जेल में डालेंगे। सोशल मीडिया का पूरा माहौल और इको-सिस्टम ही बदल चुका है। वही आपको बताता है कि मोदी जी की पॉपुलैरिटी आज पाताल लोक पहुंच चुकी है।
बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया
बीजेपी के चुनाव जीतने पर केजरीवाल ने कहा कि चुनाव बेईमानी से जीत रहे हैं। उसका सबसे बड़ा जीता जागता उदाहरण मैं हूं। मैं नई दिल्ली विधानसभा से चुनाव लड़ा। मेरे जेल जाने से पहले मेरी विधानसभा में जब मैं पिछली बार लड़ा था तो 1 लाख 48 हजार वोट थे। जब मैं जेल से लौटकर आया तो 1 लाख 6 हजार वोट बचे थे। 42 हजार वोट इन्होंने पीछे से कटवा दिए।
उन्होंने आगे कहा कि ये इसी तरह से जीत रहे हैं। वोट जोड़ते हैं, डिलीट करवाते हैं और फर्जी वोट डलवाते हैं। जब देश को इन दोनों (पीएम मोदी और अमित शाह) से मुक्ति मिलेगी तो एक संतुष्टि यह होगी कि इस लड़ाई में हमने भी योगदान दिया और हम भी जेल गए थे।
मिडिल ईस्ट संकट को लेकर केंद्र पर सवाल
इससे पहले केजरीवाल ने X पर पोस्ट कर मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध से पैदा हालात को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में गिरावट है, एलपीजी की कमी से कई कारोबार प्रभावित हुए हैं और लोग गर्मी में सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े हैं। साथ ही प्रवासी मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है और रुपया भी निचले स्तर पर है। जब दुनिया को पहले से अंदेशा था, तो सरकार ने पहले से तैयारी क्यों नहीं की और हर संकट का बोझ आम लोगों पर ही क्यों पड़ता है।
ED और चुनाव आयोग को लेकर दूसरे विपक्षी नेताओं का बयान…
इस कार्यक्रम में मौजूद दूसरे विपक्षी नेताओं ने भी केंद्र सरकार और एजेंसियों पर सवाल उठाए।
- कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह– ED और चुनाव आयोग एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
- राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल- ED कानून लागू करने की बजाय उसका उल्लंघन कर रही है।
- AAP नेता संजय सिंह– शराब नीति केस में किसी भी AAP नेता के घर से पैसा नहीं मिला, जिससे सरकार के आरोपों पर सवाल खड़े होते हैं।
- TMC नेता डेरेक ओ ब्रायन– पश्चिम बंगाल में TMC ने चुनाव आयोग को मनमानी नहीं करने दी। आने वाले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा, खासकर 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव में।
- शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत- हम इंतजार करेंगे, जो जिम्मेदार हैं, उन्हें भी एक दिन जेल जाना होगा।