फतेहाबाद के दो सगे भाईयों की पटियाला में मौत:चचेरे भाई की शादी से वापस लौट रहे थे; आमने-सामने हुई कार की टक्कर

फतेहाबाद शहर के जाखल क्षेत्र के दो सगे भाईयों की पंजाब के पटियाला जिले में स्थित पातड़ा क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों भाई अपने चाचा के बेटे की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। मृतकों की पहचान जाखल के हिमांशु जिंदल और विशाल जिंदल के रूप में हुई है।

दोनों युवक जाखल में आढ़त की दुकान चलाते थे। हादसे के बाद दोनों के शवों का पातड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है। जहां उनका दोपहर तक पोस्टमॉर्टम होगा। पंजाब पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

परिजनों के अनुसार, सूचना मिलते ही जाखल से परिवार के सदस्य पातड़ा पहुंच गए। दोपहर बाद दोनों शवों को जाखल लाए जाने की संभावना है। इस दुर्घटना के बाद से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

गाड़ी की लाइट आंखों में पड़ने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, आढ़ती सुखदर्शन जिंदल के दोनों बेटे हिमांशु और विशाल अपने चाचा दर्शन के बेटे दिनेश की शादी समारोह से लौट रहे थे। यह शादी सोमवार रात को हुई थी। शादी में शामिल होने के बाद दोनों अपनी गाड़ी से जाखल वापस आ रहे थे। गाड़ी हिमांशु चला रहा था।

इसी बीच पंजाब में पातड़ा क्षेत्र के ही गांव बंगा बसेरा के पास उनकी गाड़ी पर सामने से आ रही गाड़ी की लाइट पड़ गई। इससे ड्राइव कर रहे हिमांशु का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद दोनों गाड़ी आपस में टकरा गई। इससे दोनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पंजाब पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी।

जानिए..परिवार के बारे में

  • लंबे समय से परिवार आढ़त का काम कर रहा आढ़ती सुखदर्शन का परिवार लंबे समय से जाखल में आढ़त का काम करता है। सुखदर्शन जिंदल के दो बेटे विशाल और हिमांशु थे जबकि एक बेटी है। बेटी और बड़ा बेटा विशाल शादीशुदा हैं जबकि हिमांशु अभी अविवाहित था।
  • चचेरे भाई की शादी पंजाब में हुई मृतक हिमांशु और विशाल के चचेरे भाई दिनेश जिंदल की शादी पंजाब के गांव दिड़बा में हुई है। सोमवार देर शाम को जाखल से बारात दिड़बा रवाना हुई थी। हिमांशु और विशाल दोनों भाई अपनी कार से दिड़बा बारात में गए थे।
  • विशाल का एक साल का बेटा परिजनों के अनुसार, दोनों भाईयों में से विशाल जिंदल की शादी फतेहाबाद जिले के ही भूना में पांच वर्ष पहले हुई थी। विशाल का एक साल का बेटा है।
E-Paper 2026