रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज यानी धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के छठे दिन यानी मंगलवार को भारत में 56.55 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने दुनियाभर में 919 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। फिल्म ने सबसे तेज 900 करोड़ रुपए कमाने के मामले में ‘पुष्पा 2’ की बराबरी कर ली है। दोनों फिल्मों ने 6 दिनों में यह आंकड़ा पार किया। हालांकि कुल कमाई के मामले में ‘पुष्पा 2’ आगे है, जिसने 6 दिनों में 951.32 करोड़ रुपए कमाए थे।
धुरंधर 2 का भारत में कुल नेट कलेक्शन 575.67 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 687.43 करोड़ रुपए हो गया है। बता दें कि ग्रॉस कलेक्शन टिकट से हुई कुल कमाई होती है, जबकि नेट कलेक्शन टैक्स के बाद बची कमाई होती है। ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने 231.57 करोड़ रुपए की कमाई की है, जिससे इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस 919.00 करोड़ रुपए पहुंच गया है।
भारत में 6 दिनों का नेट कलेक्शन
पहला हफ्ता
पेड प्रीव्यू शो: ₹43.00 करोड़ (गुरुवार): ₹102.55 करोड़ (शुक्रवार): ₹80.72 करोड़ (शनिवार): ₹113.00 करोड़ (रविवार): ₹114.85 करोड़
दूसरा हफ्ता
(सोमवार): ₹65.00 करोड़ (मंगलवार): ₹56.55 करोड़ कुल (6 दिन): ₹575.67 करोड़
फिल्म एनिमल को पीछे छोड़ा
छठे दिन फिल्म के हिंदी वर्जन ने 52.00 करोड़ रुपए की सबसे ज्यादा कमाई की। वहीं, तेलुगु में 3.10 करोड़ रुपए, तमिल में 1.10 करोड़ रुपए, कन्नड़ में 20 लाख रुपए और मलयालम में 15 लाख रुपए का कलेक्शन हुआ। धुरंधर 2 ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने आमिर खान की सीक्रेट सुपरस्टार (912.75 करोड़ रुपए) और रणबीर कपूर की एनिमल (915 करोड़ रुपए) को पार कर लिया।
धुरंधर को शानदार रिस्पॉन्स मिला था
धुरंधर के पहले पार्ट ने भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,307 करोड़ रुपए की कमाई की। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,005.85 करोड़ रुपए रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग 840 करोड़ रुपए हुआ। वहीं, 894.49 करोड़ रुपए की कमाई के साथ ही यह हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म धुरंधर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया। खासतौर पर अमेरिका और कनाडा में फिल्म ने 193.06 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि बड़ी सफलता फिल्म को तब मिली, जब इसे खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी। इसके अलावा ‘धुरंधर’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्म भी बन गई।