बस पलटने के बाद मदद के लिए चिल्लाते रहे घायल:छिंदवाड़ा में सड़क पर बिखरे थे शव; दो के हाथ कटकर अलग, कई के सिर फटे

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार को पिकअप वाहन से टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

शव बुरी तरह क्षत-विक्षत थे। एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर दूर जा गिरे थे। कई लोगों के सिर फटे थे। एम्बुलेंस आने तक घायल सड़क पर तड़पते रहे। कोई पानी मांग रहा था तो कोई मदद की गुहार लगा रहा था।

यात्रियों के जिस रिश्तेदार को सूचना मिली, वो अस्पताल की तरफ दौड़ा। देर रात तक लोग अपनों को ढूंढते हुए इधर-उधर भागते रहे।

एक शव की पहचान नहीं, एक घायल नागपुर रेफर

मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। शुक्रवार सुबह तक एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। 30 से ज्यादा घायल हुए हैं। एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

एक्सीडेंट गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे सिमरिया के पास हुआ। MP28 P 0321 नंबर की बस में 47 लोग सवार थे। यह छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रही थी। बस में एक ही पंचायत के 51 लोग सवार थे।

हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सीएम के निर्देश पर जिला प्रभारी मंत्री राकेश सिंह रात करीब 1 बजे छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

वहीं, जबलपुर से 8 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम भी रात में ही छिंदवाड़ा पहुंच गई थी, जो घायलों के इलाज में जुटी है।

इनकी गई जान

1. भागवती (45) 2. दौलत (40) 3. शकुन यादव (45) 4. रामदास (40) 5. रमेश (35) 6. सिया बाई (40) 7. वंश (7) 8. बस ड्राइवर कमल (54) 9. पिकअप ड्राइवर रवि धारे (40) 10. एक अन्य

बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे

बस में मोहखेड़ ब्लॉक की ग्वारा पंचायत के कोसमढाना, करेर और भंडारकुंड गांव के 51 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

बस छिंदवाड़ा शहर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही थी, जहां 506 करोड़ रुपए के 105 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ था। हादसा कार्यक्रम स्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।